राजधानी जयपुर में अजमेर रोड पर भांकरोटा में एक तेज रफ्तार ट्रेलर हाईवे की रैलिंग तोड़ते हुए सर्विस लेन पर बनी टाइल्स की दो दुकानों में जा घुसा। हादसे में ट्रेलर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे एंबुलेंस की मदद से सवाईमानसिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया। गनीमत रही कि दुकान में बैठे लोग बाल-बाल बच गए |
जानकारी के अनुसार ट्रेलर जयपुर की ओर आ रहा था। इसी बीच चालक नियंत्रण खो बैठा और ट्रेलर बेकाबू होकर टाइल्स की दो दुकानों में घुस गया | टक्कर इतनी भीषण थी कि दो दुकानों के आगे का हिस्सा भरभराकर गिर गया। वहीं ट्रेलर का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना पर पुलिस व ट्रैफिक पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्रेन व जेसीबी की सहायता से ट्रेलर को हटवाकर यातायात सुचारू करवाया। और ट्रेलर चालक को अस्पताल पहुँचाया | दुकान ढहने से लाखों के टाइल्स बॉक्स टूट गए। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर थाने में खड़ा कराया है।