भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के पूर्व बिजनेस पार्टनर मिहिर दिवाकर को क्रिकेट एकेडमी की फ्रेंचाइजी देने का झांसा देकर जयपुर में एक युवक से 12 लाख रुपए ऐंठने के जुर्म में जयपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। नोएडा से गिरफ्तार हुए मिहिर दिवाकर को पुलिस ने गुरुवार दोपहर कोर्ट में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार 4 मार्च 2023 को करणी विहार थाने में गंगा सागर स्कीम सिरसी रोड के रहने वाले जयदेव रोज ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाया था। शिकायत में बताया की अरका स्पोर्टस मेनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक मिहिर दिवाकर ने क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी के नाम से एकेडमी के लिए फ्रेंचाइजी देने का झांसा देकर 12 लाख रुपए हड़प लिए है। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी मिहिर दिवाकर को नोएडा से दबिश देकर पकड़ा है।