राजधानी जयपुर में आँखों में मिर्च पाउडर झोंक टैक्सी ड्राईवर से लूट करने का मामला सामने आया है | वारदात को अंजाम देने के लिए पहले बदमाशों ने रेलवे स्टेशन से टैक्सी की बुकिंग की फिर सुनसान जगह पहुँचने पर ड्राईवर के साथ मारपीट कर आँखों में मिर्च पाउडर झोंक टैक्सी, मोबाइल और कैश लूट ले गये | पीड़ित टैक्सी ड्राईवर ने थाने में लूट का मामला दर्ज करवाया है |
जानकारी के अनुसार लालसोट दौसा निवासी दिलराज मीणा ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है जिसमे बताया की वह शिव कॉलोनी सोडाला में किराए के मकान में रहता है और टैक्सी चलाता है। शनिवार रात करीब 2 बजे एक सवारी ने रेलवे स्टेशन से कार की बुकिंग की थी। इस पर वह सवारी को वाटिका छोड़ने गया था। वाटिका पहुंचने पर सुनसान जगह पर सवारी बनकर बैठे बदमाश ने कार रुकवाई। कार रुकते ही उसके दो-तीन साथी और आ गए। जिसके बाद बदमाशों ने उसके साथ मारपीट की और उसकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया। इसके बाद बदमाशों ने उसकी जेब में रखे 17 हजार रुपए और दो मोबाइल निकालकर छीन लिए और उसकी स्विफ्ट कार लूटकर फरार हो गए। राहगीर की सूचना पर पुलिस पहुंची और पीड़ित को संभाला। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है।