राजसमंद में गोमती उदयपुर फोर लेन पर ऑटो व कार की टक्कर हो गई जिसमे एक ही परिवार के सात लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटना के बाद सभी घायलों को ऐम्बुलेंस से हॉस्पीटल पहुंचाया। इलाज के दौरान एक महिला की हालत गंभीर होने पर उसे उदयपुर रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार केलवा थाना सर्कल में नेशनल हाईवे नंबर आठ पर पड़ासली के पास स्थित भेरु जी की घाटी पर ऑटो और कार की टक्कर हो गई जिससे ऑटो में सवार एक ही परिवार के सात सदस्य घायल हो गए। बताया जा रहा है कि यह परिवार चारभुजा थाना क्षेत्र के रोहत का गुढ़ा से अपने परिवार के मदन भील को मुंबई की गाड़ी में बिठाने के लिए ऑटो से पडासली भेरु जी की घाटी गया। वहां मदन भील को बस में बैठाकर जाने लगे। तभी केलवा की तरफ तेज रफ्तार आती कार ने ऑटो को अपनी चपेट में लेते हुए ऑटो में सवार पिंकी पुत्री जमना भील, केलाशी पत्नी मदन भील, किशन पुत्र देवीलाल भील, विनोद पुत्र कैलाश भील, सरोज पुत्री मांगीलाल भील, दिनेश पुत्र मदन भील, सोनू पत्नी रतन भील घायल हो गये जिनको एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। पिंकी की तबीयत ज्यादा खराब होने से उसे उदयपुर रेफर किया गया। शेष घायलों का आरके हॉस्पीटल में इलाज जारी है।