बाड़मेर ग्रामीण थाना इलाके लंगेरा जैन मंदिर के पास बेटी से मिलने बाइक पर जा रही बुजुर्ग मां और उसके मासूम बच्चे समेत चार जनों को डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहा बेटी का देवर और उसके दो बच्चे भी घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवा परिजनों को सौंप दिया |
जानकारी के अनुसार गिराब गांव निवासी धापूदेवी पत्नी शंकरलाल बेटी के देवर मनोज के साथ बाइक पर बेटी से मिलने बाड़मेर से आंटी जा रहे थे। इस दौरान साथ में दो बच्चे भी थे। वे लंगेरा फांटा जैन मंदिर के पास पहुंचे इसी दौरान सामने से आ रहे डंपर ने उन्हें चपेट में ले लिया। हादसे के बाद लोग इकठ्ठा हो गये और पुलिस को सुचना दी | मौके पर पहुंची पुलिस और लोगों ने बुजुर्ग महिला सहित अन्य घायलों को 108 एंबुलेंस से हॉस्पिटल पहुंचाया। वहां महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं दो बच्चों को मामूली चोट आई। बाइक चालक मनोज के हाथ और पैर में फ्रैक्चर आने से उनका अस्पताल में इलाज जारी है। मृतका के शव को हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। कागजी कार्रवाई कर पुलिस ने बॉडी परिजनों को सुपुर्द कर दी। डंपर को जब्त कर लिया है। फिलहाल हादसे की जांच की जा रही है।