रावतभाटा थाना क्षेत्र के एकलिंगपुरा घाटी के पास सवारियों से भरी एक बस बेकाबू होकर पलट गई। इस हादसे में एक महिला सहित 10 महीने की मासूम की मौत हो गई तथा 18 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को एंबुलेंस और निजी वाहनों से अस्पताल लाया गया जहां पांच लोगों की स्थिति गंभीर होने के चलते उन्हें कोटा रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार प्राथमिक जांच में घटना का कारण बस के ब्रेक फेल होना सामने आया है। बस रावतभाटा से रामगंजमंडी जा रही थी। हादसे में एकलिंगपुरा निवासी महिला रानू पुत्री नंदलाल धाकड़ व 10 महीने की तनु पुत्री दिनेश धाकड़ की मौत हो गई। बताया जा रहा है की एकलिंगपुरा निवासी 10 महीने की मासूम के सिर में गंभीर चोट आई। जिसकी कोटा में उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं खैराबाद निवासी धन्ना पुत्र रामलाल, पूजा, हीराबाई और दुर्गा का कोटा में इलाज चल रहा है। जबकि 14 घायलों का रावतभाटा ट्रॉमा सेंटर में इलाज जारी है।
बस में सवार लोगों ने ड्राइवर पर लापरवाही पूर्वक गाड़ी चलाने का भी आरोप लगाया। बताया कि बस ड्राइवर बस को तेज स्पीड से चला रहा था। पुलिस के अनुसार जांच में जो भी सामने आएगा, कार्रवाई की जाएगी।