अलवर के गोविंदगढ़ थाना इलाके के जहानपुर क्षेत्र में जमीनी विवाद में दो पक्ष आपस में भिड़ गए। घटना में दोनों पक्षों के 5 लोग घायल हुए हैं। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर FIR दर्ज करवाई है। इसके बाद से पुरे गाँव में पुलिस तैनात है | पहले दिसंबर 2023 में इसी जमीन को लेकर विवाद हुआ था।
जानकारी के अनुसार झगड़े में एक पक्ष के खेमचंद पुत्र रामजीलाल, रामजीलाल पुत्र भिक्कन, कविता पत्नी खेमचंद, ओमप्रकाश पुत्र रामजीलाल घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष में परवीना पत्नी शाहजहां घायल हो गई।
पहले पक्ष खेमचंद ने रिपोर्ट देकर बताया- उनका भूमि को लेकर मौलाना मुबीन से विवाद था। इसे लेकर 25 दिसंबर को भी उनके ऊपर हमला किया गया था। इसके बाद एसडीएम की मौजूदगी में भूमि पर निशान लगा दिए गए। इसके बाद शुक्रवार शाम 5:30 बजे के करीब किराए पर ट्रैक्टर मंगवाकर खेत जुतवा रहे थे। इस दौरान मुनफैद, आसिफ पुत्र अली मोहम्मद, मुबीन, इनामुल पुत्र जाकर, हमीद पुत्र सुबान खान, शरीफ खान और उनके साथ 20 से 30 लोग आ गए। मैंने उनसे हाथ जोड़कर कहा कि मुझे मेरा खेत जोतने दो, लेकिन उन लोगों ने मुझ पर और मेरे परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान मुबीन ने मेरे पैर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे मेरा पैर कट गया। बड़ी मुश्किल से परिवार की जान बचाकर अस्पताल लेकर आए।
वहीं दुसरे पक्ष की तरफ से रिपोर्ट में बताया गया है की मौलाना मुबीन मदरसे में बैठा हुआ था। इस दौरान उसे बाहर से शोर-शराबे की आवाज सुनाई दी। पूछा तो बच्चों ने आकर बताया कि खेमचंद और कुछ लोग बाहर रास्ते को जोत रहे हैं। मैंने बाहर निकलकर देखा तो वहां ट्रैक्टर चल रहा था। वहां मेरे भाई की बीवी परवीना खड़ी हुई थी, जो उन्हें समझ रही थी कि यहां पर पैमाइश की एप्लीकेशन लगी हुई है, पैमाइश होने के बाद इसे जोत लेना। अभी यहां पर मौलाना के अलावा कोई मौजूद नहीं है। लेकिन, मेरे वहां पहुंचने से पहले ही खेमचंद ने परवीना पर वार कर दिया और वह मौके पर ही गिर गई। जिसके सिर में चोट लगी और कान से भी खून आ गया। मैने तभी 100 नम्बर पर फोन कर दिया और वहां पुलिस आ गई।
पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जाँच शुरू कर दी है वहीं पुरे गाँव में पुलिस फाॅर्स तैनात की गई है |