बाड़मेर के शिव में आरंग गांव में झाड़ियों में आग लग गई जो तेज हवा के चलते कुछ मिनटों में ACMA सोलर कम्पनी के प्लांट तक पहुंच गई। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचीं। 3 फायर ब्रिगेड ने ग्रामीणों की मदद से करीब 4 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक सोलर प्लांट की वायरिंग और प्लेट्स जल गईं। मौके पर कंपनी के अधिकारी मौजूद हैं। नुकसान का आकलन किया जा रहा है दावा है कि यहां बड़ा नुकसान हुआ है।
जानकारी के अनुसार शिव थाना इलाके के आरंग गांव में ACMA कंपनी के सोलर प्लांट में दोपहर करीब 1:00 बजे आग लगी। हवा तेज होने के कारण आग चंद मिनटों में फैलकर सोलर प्लांट तक पहुंच गई। आग करीब 3-5 किलोमीटर तक फैल गई। आग देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना देकर अपने स्तर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। स्थानीय लोग पानी के टैंकर लेकर पहुंचे। पुलिस व प्रशासन ने स्थानीय लोगों व फायर बिग्रेड की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया |