भीलवाड़ा जिले में आसींद में नेशनल हाईवे-158 पर रविवार दोपहर 2 बजे के करीब तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सड़क पार कर रहे मां-बेटे समेत तीन लोगों को कुचल दिया। हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ड्राइवर स्कॉर्पियो लेकर फरार हो गया।
बताया जा रहा है की आसींद की पालड़ी ग्राम पंचायत में नारिया नाडा चौराहे के पास ईंट भट्ठा है। इस पर 30 लोग काम करते हैं। रविवार दोपहर ईंट भट्ठे से 3 लोग एक किलोमीटर दूर राशन लेने जा रहे थे। तीनों हाईवे किनारे पैदल चल रहे थे। इस दौरान पीछे से आई तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने तीनों को कुचल दिया। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंचकर पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई। तीनों शवों को एम्बुलेंस से हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी पहुंचाया गया।