भरतपुर जिले के भुसावर में शनिवार को आरोपी को पकड़ने सादा कपड़ों में पहुंची CID स्पेशल ब्रांच की टीम को आरोपी के परिवार और ग्रामीणों द्वारा बंधक बनाकर मारपीट की गई। आरोपी के परिजन और ग्रामीणों ने टीम की गाडी को चारों तरफ से घेर लिया। फिर लाठी-सरियों से हमला कर दिया साथ ही ग्रामीणों ने गाड़ी को आग लगाने का प्रयास किया। हालात देखकर घबराई टीम ने गाड़ी भगाने का प्रयास किया तो लोग सामने खड़े हो गए और घेरकर टीम पर ताबड़तोड़ वार किए।
बताया जा रहा है की टीम में शामिल चार सदस्यों में से एक का सिर फूट गया और वहीं एक घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सीआईडी की टीम को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़वाया। मामले में पुलिस ने आरोपी के घर से एक महिला को हिरासत में लिया है।
जानकारी के अनुसार CID की टीम किसी संदिग्ध व्यक्ति की तलाश में गई थी। टीम ने मौके से संदिग्ध को पकड़ लिया था। लेकिन आरोपी के परिजन और ग्रामीणों ने CID के कब्जे से आरोपी को छुड़ा लिया। इससे आरोपी मौके से फरार हो गया। फिर ग्रामीण और परिजनों ने टीम के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपी के परिजनों को हिरासत में लिया गया है।