नागौर में गांजा तस्करी के आरोप में तीन साल से जेल में बंद आरोपी को नशे की गोलियां पहुंचाने उसकी पत्नी जेल पहुंच गई। वह मुलाकात के बहाने पति को हवाई चप्पल की जोड़ी देने आई थी। लेकिन जांच के दौरान उसकी सारी साजिश पकड़ में आ गई।
सूत्रों के अनुसार जेल में हमेशा की तरह मंगलवार को बंदियों से परिजन मुलाकात करने आ रहे थे। दोपहर में समस तालाब निवासी नूरजहां कारागार में बंद अपने पति शाहरूख से मिलने आई थी। उसके साथ दो अन्य महिलाएं व दो बच्चे थे। मुख्य द्वार पर एंट्री के बाद पर्ची काटी गई फिर वो मुलाकात कक्ष के बाहर पहुंची। यहां नूरजहां से अन्य सामान बाहर रखने को कहा गया। इस पर नूरजहां ने अलग से थैली में रखी नई चप्पल पति शाहरूख को देने की बात कही। इस पर चप्पल की जांच की गई। एक चप्पल को मरोड़ कर देखा गया तो उसमें कुछ होने का शक गहराया। चप्पल को साइड से देखा तो उसका तला चिपका मिला। जैसे ही तले को चाकू से खोला उसमें नशीली गोलियों की खेप मिली।
तीनों महिलाओं से पूछताछ शुरू की तो कहानी अलग ही सामने आई। नूरजहां ने बताया कि पति शाहरूख ने कुछ दिन पहले फोन पर बताया था कि दिल्ली दरवाजे से उसका मित्र नई चप्पल देने आएगा। उसके पास टाइम नहीं है तो तुम उसे लेकर जेल दे जाना। उसे चप्पल के भीतर छिपी नशीली गोलियों के बारे में कुछ पता नहीं है। वो पति के कहने पर यहां चप्पल देने आई थी।