धौलपुर के बाड़ी कोतवाली थाना क्षेत्र में संत नगर सड़क मार्ग की राजपूत कॉलोनी में बुधवार देर रात निर्माणाधीन मकान की तीसरी मंजिल की छत गिरने से 8 मजदूर मलबे में दब गए। इनमें से 2 मजदूरों की मौत हो गई वहीं 6 मजदुर गंभीर घायल हो गये। करीब 2 घंटे रेस्क्यू के बाद घायलों और शवों को निकाला गया |
जानकारी के अनुसार बाड़ी शहर के संत नगर सड़क मार्ग पर नीरज कुमार के मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। मकान में करीब 20 मजदूर काम कर रहे थे। मकान की तीसरी मंजिल पर 8 मजदूर आरसीसी छत डालने का काम कर रहे थे। रात करीब 12 बजे छत भरभरा कर गिर गई जिससे तीसरी मंजिल की छत पर काम कर रहे 8 मजदूर नीचे गिर गए और मलबे में दब गए। वहीं अन्य मजदूरों में भगदड़ मच गयी | सुचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मलबे के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। हादसे में लखन पुत्र रामचरण लोधा निवासी मूसलपुर और भोला पुत्र सोहनलाल की मौत हो गई वहीं कृपाल पुत्र रामजीलाल, बृजमोहन पुत्र कन्हैया लाल कोली, भूरी पुत्र रामशरण, लौके पुत्र भूरी सिंह, गोपीचंद पुत्र लक्ष्मण सिंह सहित 6 मजदूर घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बताया जा रहा है की तीसरी मंजिल के नीचे ईंट के पिलर लगे थे। काम पूरा ही होने वाला था। इतने में ईंट के पिलर टूट कर नीचे गिर गए। मजदूर भी नीचे आ गिरे और मलबे में दब गए।