सांचौर जिले के झाब थाना क्षेत्र के मारूखेड़ा हरजी की ढाणी में विवाहिता और उसके 8 महीने के बच्चे के शव घर से 200 मीटर दूर पानी के टांके (वाटर टैंक) में मिले। पीहर पक्ष ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया। विवाहिता के पिता हीराराम पुत्र केशाराम ने झाब थाने में 4 लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दी है। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है की बेटी चंपा देवी और दोहिते कुलदीप की ससुराल पक्ष के लोगों ने हत्या कर शव टांके में डाल दिए।
पुलिस दोपहर दो बजे सूचना मिली कि एक महिला और उसका 8 महीने के बेटे का शव टांके में मिला है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पीहर पक्ष को सूचना दी। इसके बाद शवों को सांचौर अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। जहां मंगवार को पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया। महिला के पिता ने पति सहित चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दी है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।