पाली में सदर थाना इलाके के भालेलाव गांव में मां-बेटी की हत्या कर शव खेत में दफना देने की घटना सामने आई है | 25 मार्च को रमेश नामक युवक ने अपनी माँ पानी देवी और बहन कविता के गुम होने की शिकायत सदर थाने में की थी |
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पानी देवी के पति पेमाराम सीरवी की मौत हो चुकी है। तलाकशुदा बेटी कविता मां के पास ही रहती थी। बड़ा बेटा सुरेश भी साथ ही रहता था। वह शराब पीने का आदी था। जबकि छोटा बेटा रमेश अहमदाबाद (गुजरात) में मजदूरी करता है। होली पर 25 मार्च को रमेश अपने घर लौटा तो घर पर ताला लगा देखा। बड़े भाई सुरेश को फोन लगाया तो उसका फोन बंद आया। उसी दिन रमेश ने मां-बेटी की गुमशुदगी की शिकायत सदर थाने में दी।
रमेश ने गुरुवार को पुलिस को सूचना दी थी कि घर में जगह-जगह खून के निशान हैं साथ ही खेत में कुछ जगह खुदाई के निशान मिले तो पुलिस ने खेत में जेसीबी बुलाकर जमीन खोदकर तलाशी ली। दोपहर करीब डेढ़ बजे जेसीबी से खेत में 7 फीट गहरा गड्ढा खोदकर शव बाहर निकाले। पुलिस ने शव जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हर्षवर्धन शर्मा, संपादक (TFN)
True Facts Newspaper
www.truefactsnews.in