हनुमानगढ़ के जंक्शन सिटी थाना क्षेत्र के मक्कासर गाँव में एक साइकिल सवार को राजस्थान लोक परिवहन की बस ने कुचल दिया।हादसे में साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने तोड़फोड़ कर बस में आग लगा दी और शव को लेकर सड़क पर बैठ गए। हादसे के बाद पुलिस पहुंची और ग्रामीणों से समझाइश कर धरना खत्म करवाया |
बताया जा रहा है की हनुमानगढ़ से सूरतगढ़ जा रही राजस्थान लोक परिवहन की बस ने मक्कासर की गली नंबर-5 पर साइकिल सवार बलकार सिंह पुत्र सुखदेव सिंह को कुचल दिया। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीण इकट्ठा हुए और काफी देर तक पुलिस नहीं पहुंची, तो ग्रामीण भड़क गए। उन्होंने सवारियां उतार कर बस में तोड़फोड़ करने के बाद आग लगा दी। आग की सूचना पर तीन दमकल मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया।
इसके बाद ग्रामीणों ने शव को लेकर सड़क पर बैठकर धरना दिया जिससे लंबा जाम लग गया था। मौके पर पहुंचीं हनुमानगढ़ एसडीएम दिव्या चौधरी ने ग्रामीणों की समझाइश की। मांगों पर सहमति बनने के बाद ग्रामीणों ने शव काे उठाने दिया। जिला अस्पताल हनुमानगढ़ में पोस्टमॉर्टम करवा कर शव परिजन को सौंप दिया।