चित्तौड़गढ़ में राजीव गांधी ग्रामीण ओलिंपिक जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आगाज
चित्तौड़गढ़, 29 सितम्बर। राजीव गांधी ग्रामीण ओलिंपिक खेल के तहत गुरुवार को इंदिरा गांधी स्टेडियम में जिला स्तरीय प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि राज्य मंत्री श्री सुरेंद्र सिंह जाड़ावत, विशिष्ट अतिथि नगर परिषद सभापति संदीप शर्मा, चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति प्रधान श्रीमती देवेंद्र कंवर और अध्यक्षता जिला कलक्टर श्री अरविंद कुमार पोसवाल थे। ग्राम पंचायत और ब्लॉक लेवल पर अपनी प्रतिभा का परिचय देने के बाद जिले के सभी 11 ब्लॉक की 102 टीमों के 1132 खिलाड़ियों के जोश और जुनून से पूरा स्टेडियम खेलों के रंग में रंग गया। उद्घाटन समारोह में जिला कलक्टर ने खिलाड़ियां को राजीव गांधी ग्रामीण ओलिंपिक की तथा नगर परिषद सभापति संदीप शर्मा ने नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। राजकीय पुरूषार्थी उच्च माध्यमिक विद्यालय की बालिकाओं ने राजस्थानी लोकगीतों पर सांस्कृतिक प्रस्तुति को सभी ने सराहा। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में खेल प्रेमी, शारीरिक शिक्षक, शिक्षा और खेल सहित अन्य विभागों के अधिकारी और स्थानीय पार्षदगण उपस्थित थे।
प्रतिभा को प्रोत्साहन देना सरकार की जिम्मेदारी- राज्य मंत्री श्री जाड़ावत
राज्य मंत्री श्री सुरेंद्र सिंह जाड़ावत ने ग्रामीण ओलिंपिक खेलों के आयोजन को अभूतपूर्व बताते हुए ग्राम पंचायत से जिला स्तर तक के सफर को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए जिला कलक्टर श्री अरविंद कुमार पोसवाल और शिक्षा और खेल विभाग के अधिकारियों की सराहना की। श्री जाड़ावत ने कहा कि राज्य सरकार ने खेल एवं खिलाड़ियों के हित में लगातार निर्णय लिए हैं। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत की खेलों को प्रोत्साहन देने वाली सोच का परिणाम है कि 229 खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न पॉलिसी के तहत नौकरी मिली है, दो प्रतिशत खिलाड़ियों को नौकरी में आरक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी की मंशा है कि खिलाड़ियों की प्रतिभा का सम्मान करना सरकार की जिम्मेदारी है और इसे साकार करने में कोई कसर नहीं रखी जाएगी।
ग्रामीण ओलिंपिक बना त्योहार- जिला कलक्टर श्री अरविंद कुमार पोसवाल
जिला कलक्टर श्री अरविंद पोसवाल ने ग्राम पंचायत और ब्लॉक स्तर की प्रतियोगिता को पार कर जिला स्तर पर पहुंचने वाले खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि पिछले एक माह से पूरे जिले में त्योहार जैसा माहौल बना हुआ है। बच्चे, बूढ़े और जवान खेल रहे हैं। महिलाएं घूंघट में खेल रही हैं। इससे पहले स्कूल और कॉलेज के बच्चों के लिए टूर्नामेंट होते थे, लेकिन पहली बार इस तरह का टूर्नामेंट हुआ। चित्तौड़गढ़ जिले से सर्वश्रेष्ठ टीम राज्य स्तर पर जाए। श्री पोसवाल ने कहा कि जिले में खेलों को बढ़ाने के लिए ज्यादा से ज्यादा स्टेडियम बनाने की कोशिश करेंगे। हर पंचायत समिति में कम से कम एक मॉडल स्टेडियम बनाने की कोशिश करेंगे, जिसमें खिलाड़ियों के लिए हर तरह की सुविधा होगी।
खेलों से बढ़ता है भाईचारा- नगर परिषद सभापति श्री संदीप शर्मा
नगर परिषद सभापति संदीप शर्मा ने भूतपूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की दूरदर्शिता को नमन करते हुए कहा कि खेलों के क्षेत्र में चित्तौड़गढ़ की एक अलग पहचान बने, इसके लिए हम सब प्रयासरत हैं। खिलाड़ियों को अच्छी से अच्छी सुविधा मिले, ताकि जिले का नाम रोशन हो और उनका भविष्य भी सुरक्षित हो। ग्रामीण ओलंपिक खेलों में बड़ी संख्या में सभी आयुवर्ग, संप्रदायों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया है। खेल में भाग लेने से प्रतिभागियों में अच्छे स्वास्थ्य के साथ निर्णय लेने की क्षमता, दूरदर्शिता के साथ आपसी भाईचारा बढ़ता है। इससे खेलों का अच्छा वातावरण बनेगा और ज्यादा से ज्यादा युवा खेलों की तरफ आकर्षित होंगे।
हाथ मिलाकर खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला
इस मौके पर राज्य मंत्री श्री सुरेंद्र सिंह जाड़ावत, जिला कलक्टर श्री अरविंद कुमार पोसवाल और चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति प्रधान श्रीमती देवेंद्र कंवर ने टीमों का परिचय लिया और सांकेतिक रूप से हॉकी और टेनिस बॉल क्रिकेट खेलकर खिलाड़ियों का उत्साह वर्धन किया। इससे पहले कार्यक्रम की शुरुआत में मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन और राजीव गांधी ग्रामीण ओलिंपिक खेल का ध्वजारोहण कर जिला स्तरीय प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
अमित कुमार चेचानी (मार्मिक धारा)ब्यूरो चीफ चित्तोडगढ
हर्षवर्धन शर्मा (मार्मिक धारा)
www.marmikdhara.in
www.marmikdhara.com