भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सीटी रवि के राष्ट्रीय प्रवास कार्यक्रम के तहत अजमेर में लगाए गए पोस्टर व बैनरों से एक बार फिर पार्टी में चल रहा अंदरूनी विवाद सामने आ गया है। यहां लगे पोस्टरों में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की फोटो नदारद है। मंच पर लगे मुख्य फोटो में प्रधानमंत्री, राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष व प्रतिपक्ष नेता के साथ सीटी रवि की ही फोटो है। वहीं भाजपा शहर जिला की ओर से स्वागत में लगाए गए बैनर में विधायक व मेयर तक के फोटो लगे हैं। लेकिन वसुंधरा राजे की फोटो नहीं लगी है।
राष्ट्रीय प्रवास कार्यक्रम के तहत अजमेर पहुंचे राष्ट्रीय महामंत्री सीटी रवि-
राष्ट्रीय प्रवास कार्यक्रम के तहत अजमेर पहुंचे राष्ट्रीय महामंत्री सीटी रवि के स्वागत के लिए होटल पैरोडीजो में मंच बनाया गया है। यहां पहली बैठक प्रदेश के निकाय जनप्रतिनिधि की हो रही है। यहां मंच पर लगे पोस्टर पर सीटी रवि के अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, प्रतिपक्ष नेता गुलाबचंद कटारिया व प्रदेश अध्यक्ष सतीश पुनिया की फोटो है।
वही स्वागत व अभिनंदन के लिए लगाए गए पोस्टर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय व राज्य सभा सांसद भूपेंद्र यादव, संभाग प्रभारी प्रसन्न मेहता, सांसद भागीरथ चौधरी, विधायक वासुदेव देवनानी, विधायक अनिता भदेल, अजमेर मेयर ब्रजलता हाडा, प्रतिपक्ष नेता गुलाब चंद कटारिया, प्रदेश महामंत्री भजनलाल शर्मा की फोटो लगाई गई है। साथ ही बड़ी फोटो में प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया व राष्ट्रीय महामंत्री सीटी रवि की फोटो लगाई गई है। इस पोस्टर में शहर जिला अध्यक्ष प्रियशील हाडा की फोटो भी है।
नगर निकाय प्रतिनिधियों की बैठक हुई शुरू-
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव सीटी रवि मंगलवार को सुबह अजमेर पहुंचे और वहां होटल पैराडीजो में प्रदेश के नगर निकायों में भाजपा के मेयर, डिप्टी मेयर, सभापति, उपसभापति, पालिका अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के साथ बैठक कर रहे हैं। मंच पर सीटी रवि के अलावा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया, संगठन महामंत्री चंद्रशेखर, प्रदेश महामंत्री भजनलाल शर्मा, संभाग प्रभारी प्रसन्न मेहता, शहर अध्यक्ष प्रियसील हाडा, मेयर ब्रजलता हाड़ा ही मौजूद रहे। इसमें भाजपा की केंद्रीय रणनीति और प्रदेश में आगामी चुनाव में भाजपा को इस रणनीति के तहत काम करना है। इसे लेकर चर्चा होने की बात कही जा रही है।
अजय सिंह भाटी (मार्मिक धारा)