केंद्र सरकार ने श्रम एवं पर्यावरण मंत्री बनने के बाद भूपेंद्र यादव ने गुरुवार को जन आशीर्वाद यात्रा के तहत सिंहद्वार भिवाड़ी से राजस्थान में प्रवेश किया। यहां सभा को संबोधित करते हुए वसुंधरा राजे के नेतृत्व वाली पिछली भाजपा सरकार की योजनाओं की तारीफ की।
कांग्रेस सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यह किस्सा कुर्सी वाली सरकार का है। इससे आगे बचना है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की महत्वपूर्ण योजनाओं और कार्यों को भी गिनाया। जिससे जनता में बड़े बदलाव आए हैं।
भूपेंद्र यादव ने कहा- जिस दिन अलवर आऊंगा, उसी दिन शिलान्यास-
भिवाड़ी में अलवर बाईपास पर आयोजित सभा में भूपेंद्र यादव ने कहा कि जिस दिन अलवर जिला मुख्यालय पर आऊंगा, उसी दिन पीएफ कार्यालय का शिलान्यास भी करूंगा। बहरोड में जल्दी ईएसआईसी हॉस्पिटल का भवन बनाने की घोषणा की। वही अलवर के ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज को चालू करने और भिवाड़ी के ईएसआईसी अस्पताल में बेड क्षमता बढ़ाने की बड़ी घोषणाएं भी की।
सरिस्का के विकास की बात भी कहीं-
भूपेंद्र यादव ने कहा कि सरिस्का अभ्यारण को विश्व पटल पर लाएंगे। उसी के अनुसार यहां का विकास कराने पर ध्यान दिया जाएगा। भिवाड़ी में रोजगार की अपार संभावनाएं हैं। इसके लिए भी अलग से प्रयास किए जाएंगे।
भूपेंद्र यादव ने कहा– अलवर वीरों की धरती, मोदी का संकल्प-
भूपेंद्र यादव ने कहा कि अलवर वीरों की धरती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से जन आशीर्वाद यात्रा निकाली जा रही है। इस यात्रा में आए सभी लोगों का आभारी हूं। मोदी के संकल्प के अनुसार आगे कार्य किए जाएंगे। हरियाणा में भी हमारी सरकार है। आगे भी सरकार आई तो बेटियों को आगे बढ़ाने पर पूरा जोर रहेगा। हरियाणा में लिंगानुपात में काफी सुधार हुआ है। अब वहां की बेटियां देश दुनिया में नाम रोशन कर रही है। इस दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया, कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह, सांसद सीपी जोशी, पूर्व मंत्री राजेंद्र राठौड़, सांसद बाबा बालकनाथ, भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पूजा कपिल, विधायक संजय शर्मा, पूर्व विधायक रामहेत यादव, जिला अध्यक्ष बलवंत सिंह यादव, पूर्व चेयरमैन संदीप दायमा सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे।
अजय सिंह भाटी (मार्मिक धारा)