बूंदी में ग्राम पंचायत खटकड़ के खड़ीबारा व अजेता पंचायत के लोहली गांवों के खेतों में रविवार दोपहर को आग लग गई, जिससे लगभग सौ से डेढ़ सौ बीघा गेहूं की फसल जलने का अनुमान है | दोनों गांवों के किसानों को लगभग पचास लाख रुपए की फसल का नुकसान होने की संभावना है।
घटनास्थल से मिली जानकर के अनुसार अजेता ग्राम पंचायत के लोहली गांव के खेतों में अचानक आग लग गई। हवा अधिक होने से कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। आगे बढ़ती हुई खटकड़ ग्राम पंचायत के खड़ीबारा गांव के खेतों में जा पहुंची। सूचना पर ग्रामीण ट्रैक्टरों और पानी के टैंकर लेकर आग बुझाने दौड़ पड़े। लगभग दो दर्जन ट्रैक्टर आग बुझाने में लगे। सुचना मिलने पर मौके पर तीन दमकल पहुंची और लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। किसानों को हुए नुकसान का सर्वे कर रिपोर्ट बनाई जा रही है |