राजस्थान में कोरोना संक्रमण एक बार फिर पैर पसारने लगा है। 100% क्षमता के साथ स्कूल खुलने के 24 घंटे में ही अब स्कूली छात्र कोरोना की चपेट में आने लगे हैं। मंगलवार को जयपुर के महाराजा सवाई मानसिंह स्कूल में पढ़ने वाले 2 छात्र कोरोना संक्रमित मिले हैं। जिसके बाद स्कूल प्रबंधन ने अगले 4 दिनों के लिए ऑफलाइन पढ़ाई को बंद कर दिया है।
महाराजा सवाई सिंह स्कूल प्रबंध समिति के सदस्य दामोदर गोयल ने बताया कि कक्षा तीन और छठी में पढ़ने वाली एक ही परिवार की भाई बहन कोरोना संक्रमित आए हैं। सोमवार रात संक्रमित बच्चों के परिजनों ने ही स्कूल प्रबंधन को उनके पॉजिटिव होने की बात बताई। जिसके बाद स्कूल प्रबंधन ने एहतियातन अगले 4 दिनों तक स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया है। दामोदर गोयल ने बताया कि इस दौरान ऑनलाइन पढ़ाई चालू रहेगी, ताकि स्कूल के दूसरे बच्चे घर पर भी पढ़ सके।
वही महाराजा सवाई मानसिंह स्कूल में बच्चों के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद पेरेंट्स में डर का माहौल है। पेरेंट्स रवि शर्मा ने बताया कि सरकार ने जल्दबाजी में 100% क्षमता के साथ स्कूल खोलने का निर्णय लिया है जो सरासर गलत है। ऐसे में जब तक छोटे बच्चों को वैक्सीन की दोनों डोज नहीं लग जाती, तब तक पूरी क्षमता के साथ स्कूल नहीं खोले जाने चाहिए।
वही अभिभावक एकता संघ के संयोजक मनीष विजयवर्गीय ने ऑनलाइन पढ़ाई सुचारू कर रखने की बात कही है। विजयवर्गीय ने कहा कि फिलहाल कोरोना खत्म नहीं हुआ है। ऐसे में जब तक संक्रमण जड़ से खत्म नहीं हो जाता, तब तक स्कूली बच्चों को ऑनलाइन मोड में ही पढ़ाई करवानी जानी चाहिए।
विजयवर्गीय ने कहा कि सरकार ने निजी स्कूलों को फायदा देने के लिए आनन-फानन में 100% क्षमता के साथ स्कूल खोलने का निर्णय लिया है। जो गलत है। राजस्थान अभिभावक एकता संघ इसका पुरजोर विरोध करता है।
अजय सिंह भाटी (मार्मिक धारा)