Home News यूपी के गोंडा में सिलेंडर ब्लास्ट में ढहे दो मकान, 4 बच्चों समेत 8 की मौत-

यूपी के गोंडा में सिलेंडर ब्लास्ट में ढहे दो मकान, 4 बच्चों समेत 8 की मौत-

by marmikdhara
0 comment

उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में मंगलवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। यहां वजीरगंज क्षेत्र के टिकरी गांव में सिलेंडर में ब्लास्ट से दो मकान ढह गए। इनके मलबे में 14 लोग दब गए। जिन्हें पुलिस ने गांव वालों की मदद से बाहर निकाला। हादसे में अब तक 8 लोगों ने दम तोड़ दिया है। मृतकों में दो पुरुष, 2 महिलाएं और 4 बच्चे हैं। छह गंभीर रूप से घायल हैं। जिन्हें जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर में रेफर किया गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जाहिर किया है। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घटना की उच्च स्तरीय जांच के भी आदेश दे दिए गए हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक टिकरी गांव निवासी नुरुल हसन के पास पटाखा बनाने का लाइसेंस था। मंगलवार की रात करीब 11 बजे के आसपास उनके घर में विस्फोट हुआ। विस्फोट इतना तेज था कि नूरुल हसन का मकान तो ढहा ही, साथ ही उसके बाजू वाला मकान भी ढह गया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और इसके बाद जेसीबी और पोकलेन मशीनों से मलबा हटाया गया।
हादसे में घायल मोहम्मद हकीम ने बताया कि रात 11 बजे के आसपास खाना बन रहा था। तभी गैस सिलेंडर में विस्फोट हुआ। गैस सिलेंडर हाल ही में खरीद कर लाया गया था। इससे दो मंजिला मकान ढह गया। पड़ोसी का मकान भी गिरा है। इसके बाद क्या हुआ मुझे नहीं मालूम।
आईजी राकेश सिंह, एसपी संतोष कुमार मिश्र मौके पर कैंप कर रहे हैं। विस्फोट के कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। एसपी ने बताया कि सिलेंडर विस्फोट से छत गिरना बताया जा रहा है। अभी हमारी प्राथमिकता राहत व बचाव कार्य की है। जो भी तथ्य सामने आते हैं उस हिसाब से आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घटना की बारीकी से जांच की जा रही है।

अजय सिंह भाटी (मार्मिक धारा)
हर्षवर्धन शर्मा (मार्मिक धारा)

You may also like

Leave a Comment

True Facts News is renowned news Paper publisher in Jaipur, Rajasthan

Newsletter

Subscribe our newsletter for latest world news. Let's stay updated!

Laest News

@2023 – All Right Reserved. Designed and Developed by TrueFactsNews