जयपुर – बनीपार्क थाना पुलिस द्वारा लाडली जी मंदिर के महंत रहे संजय गोस्वामी को संपत्ति विवाद के मामले में गिरफ्तार किया गया | विश्वस्त सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार परिवादी लवेश कुमार गोस्वामी ने बनीपार्क थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी जिसके अनुसार परिवादी के दादा जुगल किशोर की मौत 1 जनवरी 1987 को हो गई थी | परिवार की संपत्ति उत्तर प्रदेश, राजस्थान व दिल्ली में भी स्थित है | इसी संपत्ति में से हिस्से को हड़पने के लिए संजय गोस्वामी ने अन्य व्यक्तियों के साथ मिलकर साजिश रचते हुए फर्जी हस्ताक्षर से एक जाली वसीयत तैयार कर ली थी | इसी वसीयत के आधार पर उनके द्वारा सरकार से भी लाखों रुपए ले लिए थे | यह भी बताया गया कि वसीयत के हर पेज पर अलग-अलग हस्ताक्षर होने के साथ ही नोटरी पब्लिक की सील भी सही तरीके से नहीं थी | जिस पर अनुसंधान में वसीयत की एफएसएल जांच कराई गई| जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही पुलिस द्वारा आरोपी संजय गोस्वामी को गिरफ्तार किया गया | जिसे रविवार को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया|
भानु प्रकाश शर्मा (मार्मिक धारा)
हर्षवर्धन शर्मा (मार्मिक धारा)