जिले के फतेहपुर में दिनेश नाम के युवक के आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी और जीजा को गिरफ्तार किया है। दोनों पर मृतक को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है। मृतक पर उसकी ही पत्नी ने बेटी से दुष्कर्म का आरोप लगाया था। जिसे पिता झेल नहीं पाया और उसने सुसाइड कर लिया।
बता दें कि दिनेश की पत्नी ने अपने भांजे की शादी में नाचते हुए जीजा को गोद में बैठा कर फोटो खिंचवाया था। इस बात से महिला का पति दिनेश नाराज हो गया। घर आने पर दोनों में झगड़ा हुआ। इसके बाद महिला ने जीजा से मिलकर सरदार शहर में पति दिनेश के खिलाफ बेटी से दुष्कर्म का मामला दर्ज करा दिया। अपनी ही नाबालिग बेटी से दुष्कर्म का आरोप दिनेश झेल नहीं पाया। इसके बाद युवक ने फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया।
महिला ज्याना देवी की दूसरी शादी फतेहपुर के चारबत्ती के पास वार्ड 53 में रहने वाले दिनेश कुमार से हुई थी। पहली शादी से ज्याना देवी को एक बेटी है। महिला अपने जीजा कृष्ण कुमार के बेटे की शादी की कार्यक्रम में 16 अप्रैल को सरदार शहर गई थी।
पुलिस थाना अधिकारी उदय कुमार ने बताया कि वहां गीत के कार्यक्रम में नाचते हुए ज्याना ने जीजा कृष्ण कुमार के साथ अधिक मेलजोल को लेकर दिनेश कुमार ने नाराजगी जताई। इससे नाराज होकर ज्याना देवी ने दिनेश को काबू करने के लिए जीजा के साथ मिलकर अपनी नाबालिग बेटी से दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए सरदारशहर थाने में शिकायत दर्ज करा दी। ज्याना और कृष्ण कुमार का मानना था कि इस तरह की शिकायत के बाद दिनेश ज्याना के दबाव में आ जाएगा। लेकिन दिनेश कुमार परेशान हो गया। ज्याना और कृष्ण कुमार फोन पर दिनेश को दुष्कर्म के मामले में जेल भेजने की धमकी देते थे। आखिरकार परेशान होकर दिनेश ने घर के पीछे जाकर 11 मई को सुसाइड कर लिया।
दिनेश की मौत के बाद उसके पिता हरलाल ने फतेहपुर थाने में बहु ज्याना देवी और जीजा कृष्ण कुमार के खिलाफ केस दर्ज कराया था। जिसमें दिनेश को दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने का आरोप लगाया गया था। पुलिस ने इस रिपोर्ट के आधार पर जांच की। दोनों बहू और जीजा से पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि उन्होंने दिनेश पर सिर्फ दबाव बनाने के लिए दुष्कर्म का झूठा केस किया था। जिस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जीजा साली को गिरफ्तार कर लिया है।
अजय सिंह भाटी (मार्मिक धारा)
हर्षवर्धन शर्मा (मार्मिक धारा)