बॉलीवुड में अपनी आवाज की ऊंचाइयों की जुगलबंदी से पूरी दुनिया में मशहूर हुए जाने-माने सिंगर दलेर मेहंदी अपने परिवार के साथ जैसलमेर पहुंचे हैं। जैसलमेर के सत्तों गांव निवासी लोक कलाकार मामे खान की बेटी की शादी आज सोमवार को है। इसी विवाह कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी परिवार के साथ जैसलमेर आए हैं।
दलेर मेहंदी अपने परिवार के साथ सड़क मार्ग से रविवार सुबह जैसलमेर के पर्यटन स्थल खुहंडी पहुंचे थे। वहां एक निजी रिसोर्ट मामा गेस्ट हाउस में उनका स्वागत किया गया। खुहंड़ी पहुंचने पर लोक कलाकार मामे खान एवं पर्यटन व्यवसायी गजेंद्र सिंह सोढा ने उनका स्वागत सत्कार किया। राजस्थानी परंपरागत तरीके से लोक कलाकारों ने उनके स्वागत में “पधारो मारे देश” गीत सुना कर उनका दिल जीत लिया।
बॉलीवुड में मशहूर है जैसलमेर की मामे खान-
जैसलमेर जिले के लोक कलाकार मामे खान इन दिनों बॉलीवुड में खासे मशहूर हैं। उनके गाए कई गीतों ने फिल्मी पर्दे पर धूम मचाई है। जिसमें सिने अभिनेता रितिक रोशन पर फिल्माया फिल्म “लक बाय चांस” का गीत “बावो रे बावो रे” खासा लोकप्रिय हुआ था। इस गीत ने जैसलमेर के मामे खान को बॉलीवुड में जगह दिलाई है। वही कोक स्टूडियो में गाया उनका गीत “चौधरी” ने सात समंदर पार तक उनको मशहूर किया है। उन्होंने शंकर-एहसान-लॉय, अमित त्रिवेदी, सलीम सुलेमान जैसे कई दिग्गजों के साथ हिंदी गानों में अपनी आवाज दी है। जैसलमेर के लोक कलाकार को 2016 में GiMA अवार्ड से भी सम्मानित किया गया था।
2 दिन जैसलमेर में बिताएंगे दलेर मेहंदी-
दलेर मेहंदी अगले दो दिनों तक जैसलमेर में ही रहेंगे। निजी कार्यक्रम में शिरकत करने के साथ-साथ वह अपने परिवार के साथ खुहंड़ी के रेतीले धोरों और जैसलमेर के अन्य पर्यटन स्थलों का भ्रमण करेंगे। जानकारी के अनुसार कलाकार मामे खान की बेटी की शादी के समारोह में दलेर मेहंदी के अलावा कई अन्य दिग्गज कलाकार भी शामिल हो सकते हैं।
अजय सिंह भाटी (मार्मिक धारा)