बॉलीवुड में एक्टर रणदीप हुडा स्टार्टर फिल्म “लाल रंग” जैसी हिंदी फिल्मों में काम कर चुकी साउथ इंडियन एक्ट्रेस पिया बाजपेयी के भाई का कोरोना से निधन हो गया है। इस बात की जानकारी सोशल मीडिया पर उन्होंने खुद दी। मंगलवार सुबह एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया के जरिए अपने भाई के लिए मदद की गुहार लगाई थी, लेकिन करीब 2 घंटे बाद ही उनका निधन हो गया।
मंगलवार सुबह 6:54 पर पिया ने एक पोस्ट के जरिए लिखा कि “मुझे जिला फर्रुखाबाद कायमगंज ब्लॉक उत्तर प्रदेश में तत्काल मदद की जरूरत है। वेंटिलेटर के साथ एक बेड की। मेरा भाई मर रहा है। प्लीज कोई मदद करें। यदि आप किसी को जानते हैं, तो संपर्क करें। हम पहले ही बुरे हालात में हैं।”
पहली पोस्ट के करीब 2 घंटे बाद ही पिया ने एक और पोस्ट लिखा और अपने भाई के निधन की जानकारी दी। एक्ट्रेस ने सुबह 9:15 बजे एक और पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि “मेरे भैया नहीं रहे।”
बता दें कि 27 साल की पिया वाजपेयी का जन्म उत्तर प्रदेश के इटावा में हुआ। उन्होंने दिल्ली में रहकर रिसेप्शनिस्ट जॉब भी की। बाद में मुंबई आकर उन्होंने सीरियल्स के लिए बतौर डबिंग आर्टिस्ट का काम किया। फिर वह कई विज्ञापनों में दिखाई दी। जिनमें से एक उन्होंने अमिताभ बच्चन के साथ चॉकलेट ब्रांड कैडबरी के लिए भी किया था। वे तमिल, तेलुगू, मलयालम, अंग्रेजी और हिंदी में 15 से ज्यादा फिल्मों में काम कर चुकी है।
अजय सिंह भाटी (मार्मिक धारा)
हर्षवर्धन शर्मा (मार्मिक धारा)