एक बार एक संत अपने शिष्यों के साथ बैठे थे। अचानक उन्होंने सभी शिष्यों से एक सवाल पूछा।
.
बताओ जब दो लोग एक-दूसरे पर क्रोधित होते हैं, तो जोर-जोर से चिल्लाते क्यों हैं?
.
शिष्यों ने कुछ देर सोचा और एक ने उत्तर दिया- हम अपनी शांति खो चुके होते हैं, इसलिए चिल्लाने लगते हैं।
.
संत ने मुस्कुराते हुए कहा-दोनों लोग एक-दूसरे के काफी करीब होते हैं, तो फिर धीरे-धीरे भी तो बात कर सकते हैं।
.
आखिर वह चिल्लाते क्यों हैं?
.
शिष्यों से जब संतोषजनक उत्तर नहीं मिला, तब संत बोले…
.
जब दो लोग एक-दूसरे से नाराज होते हैं तो उनके दिलों में दूरियां बहुत बढ़ जाती हैं।
.
जब दूरियां बढ़ जाएं, तो आवाज को पहुंचाने के लिए उसका तेज होना जरूरी है।
.
दूरियां जितनी ज्यादा होगी, आवाज भी उतनी ऊंची होगी। दिलों के बीच बढ़ी दूरी के कारण दो गुस्साए लोग चिल्लाने पर मजबूर हो जाते हैं।
.
वह आगे बोले, इसके विपरीत जब दो लोगों में प्रेम होता है, तो वह एक-दूसरे से बड़े आराम से और धीरे-धीरे बात करते हैं।
.
प्रेम दिलों को करीब लाता है और करीब तक आवाज पहुंचाने के लिए चिल्लाने की जरूरत नहीं।
.
जब दो लोगों में प्रेम और भी प्रगाढ़ हो जाता है, तो वह खुसफुसा कर भी एक-दूसरे तक अपनी बात पहुंचा लेते हैं।
.
इसके बाद प्रेम की एक अवस्था यह भी आती है कि खुसफुसाने की जरूरत भी नहीं पड़ती।
.
एक-दूसरे की आंख में देख कर ही समझ आ जाता है कि क्या कहा जा रहा है।
.
शिष्यों की तरफ देखते हुए संत बोले-अब जब भी कभी बहस करें तो दिलों की दूरियों को न बढ़ने दें।
भानु प्रकाश शर्मा (मार्मिक धारा)
हर्षवर्धन शर्मा (मार्मिक धारा)