जयपुर में 15 साल की लड़की पर एसिड अटैक का मामला सामने आया है। हमला पीड़िता के जीजा ने हीं किया है। आरोपी जीजा अभी फरार है। 2 दिन पहले हुई यह वारदात गुरुवार को सामने आई है। फिलहाल पीड़िता एसएमएस हॉस्पिटल के बर्न वार्ड में भर्ती है। पीड़िता के बयान पर रिपोर्ट दर्ज कर करधनी थाना प्रभारी राजेश बाफना मामले की जांच कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि पीड़िता मध्य प्रदेश के सागर शहर की रहने वाली है।
15 वर्षीय बालिका मूल रूप से मध्य प्रदेश के सागर शहर की रहने वाली है। वह अपने परिवार के साथ पिछले कुछ वर्षों से जयपुर में सरना डूंगर क्षेत्र में रह रही है। पीड़िता के पिता इंडस्ट्रियल एरिया में एक फैक्ट्री में काम करते हैं। पीड़िता की बहन भी अपने पति संजय के साथ करधनी इलाके में चौधरी मार्केट में किराए से रहती है।
दोपहर को जीजा घर आकर पीड़िता को जबरन साथ ले जाने की जिद करने लगा-
बयान में एसिड अटैक की शिकार हुई बालिका ने बताया कि वह 17 अगस्त को दोपहर करीब 12 बजे घर पर अकेली थी। तभी जीजा संजय घर आया। उसने पीड़िता को अकेली पाकर जबरन उसे अपने साथ चलने का दबाव बनाया। काफी प्रयास के बाद भी साली साथ चलने को तैयार नहीं हुई। तभी गुस्से में आकर जीजा संजय ने अपनी जेब में रखी एक बोतल निकाली, जिसमें एसिड था। उस एसिड को पीड़िता के चेहरे के ऊपर फेंक दिया। इससे उसका चेहरा, हाथ पैर और शरीर के कई हिस्से जल गए।
पीड़िता के शोर मचाने पर भाग निकला जीजा-
पुलिस के मुताबिक पीड़िता जोर जोर से चिल्लाने लगी, तो घबराकर आरोपी वहां से भाग निकला। इस दौरान पड़ोस में रहने वाली एक लड़की वहां पहुंची। वह भी बालिका की हालत देखकर घबरा गई। तब आसपास के लोगों को बताया। जानकारी मिलने पर पीड़िता के माता-पिता भी घर पहुंचे और करधनी थाने में सूचना दी गई। इसके बाद बालिका को SMS अस्पताल ले गए। वहां उसे बर्न वार्ड में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया है।
नाबालिक साली को पसंद करने लगा था जीजा-
पुलिस के मुताबिक एसिड अटैक का कारण सामने नहीं आया है। फरार जीजा के पकड़े जाने पर पूछताछ में हीं इसका पता चल सकेगा। सूत्रों के मुताबिक बताया जा रहा है कि कुछ वर्ष पहले शादी के बाद से ही जीजा अपनी नाबालिग साली को पसंद करने लगा था। उसकी नियत तभी से खराब थी। ऐसे में वह बालिका को अकेला पाकर साथ भगाकर ले जाना चाहता था। जीजा भी जयपुर में मजदूरी करता था।
अजय सिंह भाटी (मार्मिक धारा)