शाहपुरा जिले में मांडल-सांगानेर मेगा हाईवे पर प्रतापपुरा तिराहे पर चौधरी पेट्रोल पंप के पास बाइक सवार तीन लोगों को ट्रक ने रौंद दिया। हादसे में नाना और दोहिते की मौके पर ही मौत हो गई। चचेरा भाई गंभीर घायल हो गया। उसे शाहपुरा के जिला अस्पताल लाया गया। वहां से उसे भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल रेफर कर दिया।
घटनास्थल से मिली जानकारी के अनुसार दौलतपुरा गांव निवासी रणजीत कुमावत पुत्र रामप्रसाद कुमावत और छोटूलाल कुमावत पुत्र छीतर कुमावत चचेरे भाई हैं। वे किराए के ट्रैक्टर से मंडी में सरसों लाए थे।सरसों बेचने के बाद उन्होंने ट्रैक्टर लेकर ड्राइवर को घर भेज दिया। दोनों बाइक से घर आ रहे थे। रास्ते में रोडवेज बस स्टैंड पर रणजीत को उसके नाना उगमाराम कुमावत पुत्र घीसा कुमावत मिल गए। उन्हें साथ लेकर हाईवे पर स्थित चौधरी पेट्रोल पंप पर बाइक में पेट्रोल भरवाया। यहां वे हाईवे पर चढ़े ही थे कि ट्रक ने इनकी बाइक को चपेट में ले लिया। मौके पर ही रणजीत और उगमाराम की मौत हो गई वहीं छोटूलाल गंभीर रूप से घायल हो गया |
मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को जब्त कर ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया। घटना स्थल पर पहुंचे परिजनों ने हाईवे पर शव रखकर प्रदर्शन किया।करीब 3 घंटे बाद जाम खुलवाया जा सका।