जापान में सोमवार को भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। जापानी मीडिया NHK के मुताबिक रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 7.4 दर्ज की गई। प्रशासन ने सुनामी का अलर्ट जारी किया है। जापान के मौसम विभाग के मुताबिक 4 तीव्रता वाले 21 आफ्टर शॉक भी रिकॉर्ड किए गए हैं।
एडमिनिस्ट्रेशन का कहना है कि 5 मीटर (16 फीट) ऊंची लहरें उठ सकती हैं। कोस्टल एरिया में रहने वाले लोगों को सुरक्षित जगहों पर जाने के लिए कहा गया है। फिलहाल किसी के मारे जाने की खबर नहीं है। वहीं, रूस ने तटीय शहर व्लादिवोस्तोक और सखालिन आइलैंड में अलर्ट जारी किया है। यह आईलैंड जापान के उत्तरी इलाके में है।
भूकंप के बाद सुनामी का खतरा देखते हुए इंडियन एम्बेसी ने इमरजेंसी नंबर जारी किए हैं। ये इस तरह हैं : + 81-80-3930-1715+ 81-70-1492-0049+ 81-80-3214-4734+ 81-80-6229-5382+ 81-80-3214-4722।
8 मिनट बाद ही दूसरा भूकंप 6.2 तीव्रता का
जापान की मौसम विज्ञान एजेंसी के मुताबिक भूकंप इशिकावा प्रांत के अनामिजु शहर में आया। इसका केंद्र धरती से 10 किलोमीटर नीचे था। भारतीय समय के मुताबिक दोपहर 12:40 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। इसके 8 मिनट बाद ही 6.2 तीव्रता का पहला आफ्टर शॉक रिकॉर्ड किया गया। इसके बाद 5.2 तीव्रता का दूसरा आफ्टर शॉक रिकॉर्ड किया गया। 4 तीव्रता वाले 21 आफ्टर शॉक रिकॉर्ड किए गए हैं।