जयपुर में बैंक मैनेजर के घर चोरी का मामला सामने आया है। दीवार कूदकर घर में घुसे बदमाशों ने मेन गेट का लॉक तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। 20 लाख रुपए के गहने-कैश चोरी कर बदमाश फरार हो गए। वारदातस्थल के पास लगे CCTV फुटेज में चोरों की करतूत कैद हो गई। रामनगरिया थाना पुलिस फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश कर रही है।
पुलिस ने बताया कि जगतपुरा रामनगरिया निवासी राकेश कुमार मीणा के घर चोरी की वारदात हुई। वह पंजाब नेशनल बैंक की बजाज नगर ब्रांच में मैनेजर है। शनिवार को वह फैमेली के साथ बाहर घूमने गए थे। रविवार देर रात चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाया। मेन गेट का लॉक तोड़कर बदमाश अंदर घुसे। अलमारी के लॉकर में रखे करीब 15-20 लाख के सोने-चांदी के गहने और 3.80 लाख रुपए कैश चोरी कर ले गए। सोमवार को वापस लौटने पर घर में चोरी का पता चला।