पंजाब कांग्रेस प्रधान के पद से इस्तीफा देने वाले नवजोत सिंह सिद्धू पर सांसद मनीष तिवारी ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को पंजाब की समझ नहीं है वह मसले सुलझा रहे हैं। तिवारी ने पंजाब के हालात पर चिंता जाहिर की है। मनीष तिवारी श्री आनंदपुर साहिब से सांसद हैं।
मनीष तिवारी ने कहा कि पंजाब की मौजूदा स्थिति दुर्भाग्यपूर्ण है। यहां अस्थिरता का माहौल देखकर कोई खुश होगा, तो वह पाकिस्तान हैं। उन्हें लगता होगा कि पंजाब के इन अस्थिर हालात में काले मंसूबों को अंजाम देने का मौका मिल जाएगा।
पंजाब में राजनीतिक स्थिरता जरूरी-
मनीष तिवारी ने कहा कि पंजाब पाकिस्तान का सीमावर्ती राज्य है। इसे सुरक्षित हाथों में होना चाहिए। चुनाव एक पहलू जरूर है लेकिन राष्ट्रहित सबसे ऊपर है। पंजाब में तत्काल राजनीतिक स्थिरता बहाल करने की जरूरत है। तिवारी ने कैप्टन अमरिंदर सिंह की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि अमरिंदर सिंह पंजाब की राजनीति को अच्छे से समझते हैं। तिवारी को कैप्टन का करीबी समझा जाता है। सिद्धू को पंजाब कांग्रेस का प्रधान बनाने का तिवारी ने विरोध किया था।
तिवारी ने कहा 25 हजार लोगों की कुर्बानी से आई थी पंजाब में शांति-
मनीष तिवारी ने कहा कि पंजाब से सांसद होने के नाते वह बहुत चिंतित हैं। यहां हो रही घटनाएं बहुत दुखी कर रही है। पंजाब में यह शांति बड़ी मुश्किल से आई है। इसके लिए आतंकवाद से लड़ते हुए करीब 25 हजार लोगों ने कुर्बानी दी है। इनमें कई कांग्रेसी भी हैं। जिन्होंने अपनी जान कुर्बान की है।
पंजाब पर बड़ा खतरा मंडरा रहा है- मनीष तिवारी-
मनीष तिवारी ने कहा कि अफगानिस्तान पर जिस तरीके से तालिबान ने कब्जा किया है उस लिहाज से देखें तो कश्मीर के साथ पंजाब पर भी बहुत बड़ा खतरा मंडरा रहा है। इस परिस्थिति में दलगत राजनीति से ऊपर उठना चाहिए। मेरा कोई मंत्री एडवोकेट जनरल या अफसर नहीं लगा। इस सबसे ऊपर उठना चाहिए। हमें पंजाब के लोगों और 1 साल से लड़ाई कर रहे किसानों के बारे में सोचना चाहिए।
अजय सिंह भाटी (मार्मिक धारा)