धौलपुर में कौलारी थाना क्षेत्र के बसईनवाब कस्बे में मनियां मार्ग पर सड़क पार कर रहे युवक को तेज रफ़्तार कार ने टक्कर मार दी जिससे युवक करीब 20 फीट तक उछला और सड़क किनारे जाकर गिरा। हादसे में युवक गंभीर घायल हो गया। पास ही दुकान पर बैठे लोगों ने युवक को अस्पताल पहुँचाया जहां हालत गंभीर होने पर युवक को जयपुर के SMS अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पूरी घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई |
बताया जा रहा है की नगला हरलाल गांव निवासी दरब सिंह पुत्र भगवान सिंह जाटव बसईनवाब कस्बे के बाहर किराना की दुकान चलाता है। दुकान के लिए ही वह कस्बे में कोल्ड ड्रिंक लेने गया था। वहां से पैदल ही दुकान पर लौट रहा था इसी दौरान मनियां मार्ग पर सड़क पार कर रहे दरब सिंह को तेज रफ़्तार में आ रही कार ने टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद कार ड्राइवर कार लेकर मौके से फरार हो गया। युवक को घटना के बाद घायल हालत में देखकर पास में ही मौजूद दुकान पर बैठे कुछ लोग दौड़कर आए और उसे एंबुलेंस 108 की मदद से उसको स्थानीय अस्पताल लेकर गए। युवक की हालत गंभीर होने पर उसे जयपुर के SMS हॉस्पिटल रेफर कर दिया। फिलहाल युवक का एसएमएस हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। इस संबंध में अभी कोई मामला दर्ज नहीं करवाया गया है।