राजस्थान में चुनावी माहौल के बीच जयपुर सांसद रामचरण बोहरा को जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया है। सांसद के निजी सहायक ने इस मामले में जवाहर सर्किल पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज कर बताया है की जयपुर सांसद को ऑफिशियल ईमेल पर धमकीभरा संदेश आया है। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
सांसद के निजी सहायक ने रिपोर्ट में बताया की वह ऑफिस आकर अपना काम संभाल रहे थे। सांसद रामचरण बोहरा की ऑफिशियल ई-मेल आईडी पर सभी मेल चेक किए जा रहे थे। सुबह करीब 4:30 बजे अरविन्द कुशवाह नाम की आईडी से एक मेल आई हुई थी। जिसमे लिखा था की हम आपको जान से मार देंगे। दिल्ली अभी बहुत दूर है। रास्ते में जहां मिलोगे, तुम्हें वहीं जान से मार देंगे।
धमकी भरे मेल के बारे में तुरंत सांसद रामचरण बोहरा को अवगत कराया। इसके बाद बुधवार को इस मामले में जवाहर सर्किल थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस जांच में जुटी हुई है।