हिट एंड रन कानून के विरोध के मामले में केंद्र सरकार और ऑल इंडिया मोटर्स ट्रांसपोर्ट कांग्रेस के बीच मंगलवार रात हड़ताल खत्म करने पर सहमति बन गई। सरकार की ओर से नई दिल्ली में केंद्रीय गृह सचिव ने हड़ताल कर रहे ट्रक ड्राइवर्स से अपने काम पर लौटने की अपील की है।
केंद्रीय गृह सचिव ने ऑल इंडिया मोटर्स ट्रांसपोर्ट कांग्रेस (AIMTC) को आश्वासन दिया है कि बिना चर्चा के नए कानून को लागू नहीं किया जाएगा। इस बैठक के बाद AIMTC और सरकार ने ट्रक ड्राइवर्स से काम पर लौटने की अपील की है।
काम पर लौटे ड्राइवर, सब स्थिति सामान्य
ट्रक यूनियन और सरकार की के बीच हुई वार्ता के बाद हड़ताल कर रहे ड्राइवर वापस अपने काम पर लौट आए हैं, जिससे जयपुर के फल सब्जी मंडी मुहाना में स्थितियां सामान्य हो गई हैं। सब्जी मंडी थोक विक्रेता संघ मुहाना मंडी के अध्यक्ष राहुल तंवर ने बताया- सरकार से मिले आश्वासन के बाद ड्राइवर ने काम करना शुरू कर दिया है। देर रात हुई वार्ता के बाद से ड्राइवर काम पर लौट आए और गाड़ियों में माल भरकर अपने अपने शहर के लिए रवाना हो गए। बुधवार सुबह से भी सब्जियों की खरीदारी सामान्य हो गई है। खरीदार आकर अपने-अपने जगह पर आसानी से फल सब्जियां ले जा रहे हैं। जयपुर शहर के पेट्रोल पंप पर भी देर रात तक टैंक आने शुरू हो गए थे। जिससे पेट्रोल और डीजल की कमी पूरी हो गई। पेट्रोल पंप पर भी अब स्थितियां नॉर्मल हो चुकी है। लोग एक-एक कर सामान्य दिन की तरह पेट्रोल भरवा रहे हैं।
मुख्यमंत्री भजन लाल ने कल शाम ली मीटिंग
ट्रांसर्पोटर्स की हड़ताल पर सीएम भजनलाल शर्मा ने मंगलवार शाम को बैठक ली थी। बैठक में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। वहीं पेट्रोल-डीजल और एलपीजी की उपलब्धता का आकलन करके कार्ययोजना बनाने के भी निर्देश दिए थे। सीएम ने खाद्य और नागरिक आपूर्ति विभाग को राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि प्रदेशभर में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित हो सके।बैठक में मुख्य सचिव सुधांशु पंत, डीजीपी उत्कल रंजन साहू, एसीएस खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति अभय कुमार, एसीएस गृह आनंद कुमार, एडीजी इंटेलिजेंस एस. सेंगाथिर और आयुक्त परिवहन मनीषा अरोड़ा मौजूद रहे। वहीं संभागीय आयुक्त, रेंज आईजी, कलेक्टर और एसपी वीसी के माध्यम से जुडे़।