जापान के इशिकावा में नए साल के दिन 7.6 की तीव्रता का भूकंप आया। जापान टुडे के मुताबिक इससे अब तक 48 लोगों की मौत हो चुकी है, वहां 140 आफ्टरशॉक भी दर्ज किए गए हैं। इनकी तीव्रता 3.4 से 4.6 के बीच रही है। इशिकावा में भूकंप से कई जगहों पर आग लग गई। इससे 200 इमारतें जलकर खाक हो चुकी हैं। 32,500 घरों में बिजली नहीं है। यहां एक और भूकंप की चेतावनी जारी की गई है।
भूकंप प्रभावित इलाकों में तैनात की जाएगी सेल्फ डिफेंस फोर्स
भूकंप प्रभावित इलाकों में लोगों की मदद करने के लिए जापान की सेल्फ डिफेंस फोर्स (SDF) के 10 हजार कर्मचारी तैनात किए जाएंगे। SDF को सबसे पहले नोटो इलाके में भेजा जाएगा।
एक लाख लोगों से घर खाली कराए
सोमवार रात जापान की सरकार ने एक लाख लोगों को घर खाली करने के आदेश दिए। इन्हें सुरक्षित जगहों पर भेजा गया है। हालांकि, सुनामी की चेतावनी वापस लिए जाने के बाद काफी लोग अपने घर लौट रहे हैं।
नोटो शहर में एयरपोर्ट बंद
जापान में भूकंप के बाद कई ट्रेन, फ्लाइट रद्द कर दी गई हैं। नोटो इलाके में सबसे ज्यादा तबाही मची है। यहां एयरपोर्ट के रनवे, टर्मिनल और एक्सेस रोड को काफी नुकसान पहुंचा है। इसके चलते यहां से सारी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।