जयपुर के रेलवे ट्रेक पर क्षत-विक्षत हालत में शुक्रवार दोपहर एक ऑटो ड्राइवर का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पिछले 4 दिन से लापता होने पर रामनगरिया थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज करवाई हुई थी। गुमशुदगी दर्ज करवाने के अगले दिन घर पर बदमाश धमकी देकर गए थे। मृतक के परिजनों ने शुक्रवार रात रामनगरिया थाने का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ACP (सांगानेर) विनोद कुमार शर्मा ने बताया कि शुक्रवार दोपहर कुंदनपुरा फाटक रेलवे ट्रेक पर क्षत-विक्षत हालत में ऑटो ड्राइवर अमिताभ मीणा (35) का शव पड़ा मिला। दौसा निवासी अमिताभ मीणा कुंदनपुरा फाटक के पास अपनी पत्नी और छोटे भाई के साथ किराए के मकान में रहता था। 26 दिसम्बर को अमिताभ बिना बताए घर से निकल गया था। काफी ढूंढने के बाद भी नहीं मिलने पर परिजनों ने रामनगरिया थाने में अमिताभ की गुमशुदगी दर्ज करवाई थी।
घर आकर बदमाश देकर गया था धमकी
27 दिसम्बर को अमिताभ के घर पर राहुल राजवंशी नाम का व्यक्ति धमकी देने पहुंचा था। अमिताभ की पत्नी के शोर मचाने पर आवाज सुनकर आए पड़ोसियों को देखकर बदमाश भाग गए। भागते समय एक बदमाश का मोबाइल भी मौके पर गिर गया था।
विरोध में थाने का घेराव कर किया प्रदर्शन
अमिताभ की लाश मिलने के बाद परिजनों के साथ स्थानीय लोग इकट्ठा होकर रामनगरिया थाने पहुंचे। शुक्रवार रात थाने पहुंचे लोगों ने रामनगरिया थाने का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। परिजनों का आरोप है कि धमकी देकर गए बदमाश का मोबाइल उन्हें मिला था। बदमाशों की कार के नंबर भी नोट किए गए थे। रामनगरिया थाने में धमकी देने आए बदमाशों की शिकायत करने अमिताभ की पत्नी और छोटा भाई गई थे। पुलिस ने शिकायत करने के बाद भी रिपोर्ट नहीं लिखी। अमिताभ की हत्या कर शव को रेलवे ट्रेक पर फेंका गया है। पुलिस ने समझाइस कर प्रदर्शन कर रहे लोगों को शांत करवाया। पुलिस ने परिजनों की तरफ से हत्या की रिपोर्ट लेकर जांच शुरू कर दी है।