जयपुर, राजस्थान में 22 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ शुरू होने वाला है। यह 2 से 3 दिन तक एक्टिव रहेगा। इस बार नौतपा की शुरुआत आंधी बारिश के साथ होगी। जब यह सिस्टम एक्टिव रहेगा तो 2 या 3 दिन में तापमान में गिरावट भी आएगी।
राजस्थान में मौजूदा मौसम की स्थिति के अनुसार बीती रात गंगानगर, हनुमानगढ़, सहित कई जिलों में तूफानी बारिश के साथ ओले गिरे। कई जगह पेड़ पौधे गिर गए। दूसरी तरफ हिंडौन सिटी में देर रात चली बारिश और आंधी के दौर के बाद एक मकान की दीवार गिरने से 2 बच्चे घायल हो गए।
मौसम केंद्र जयपुर के निर्देशक राधेश्याम शर्मा ने बताया बुधवार को एक नए पश्चिम विक्षोभ के सक्रिय होने से बीकानेर, जोधपुर, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग के कुछ भागों में दोपहर बाद मेघ गर्जन के साथ अचानक तेज हवा चली और हल्की बारिश हुई।
इस सिस्टम का असर आज भी राज्य के जयपुर , भरतपुर संभाग के कुछ भागों में देखने को मिल सकता है, लेकिन कल यानी 19 मई से राज्य में मौसम एक बार फिर शुष्क होने लगेगा और 21 मई तक अधिकांश भागों में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस बढ़ेगा। इसके अलावा पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में हीटवेव भी चल सकती है।
इस बार नौतपा भी रहेगा ठंडा।
मौसम केंद्र के जयपुर निर्देशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि 22 मई से राज्य में एक नया वेदर सिस्टम फिर से एक्टिव होने वाला है। इस सिस्टम के दो-तीन दिन बने रहने के आसार हैं। इससे राज्य के कुछ हिस्सों में तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ सकता है। तेज गर्मी से राहत रहेगी।
वही 25 मई से नौतपा की शुरुआत होगी। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सूर्य के रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करने के कारण सूरज की सीधी किरणें धरती पर पड़ती हैं। जिससे 9 व 10 दिन तक जबरदस्त गर्मी पड़ती है। इस बार वेदर सिस्टम को देखते हुए राज्य में नौतपा के दौरान गर्मी कंट्रोल में रहेगी।