राजस्थान में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति पर बढ़ रहे अत्याचार के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा कड़ा रुख अपना रही है। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सर्किल पर कांग्रेस सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया। सुबह करीब 10:30 बजे काफी संख्या में इकट्ठे हुए भाजयुमो कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट के बाहर जयसिंह हाईवे पर धरना देने लगे। पुलिस ने कलेक्ट्रेट के प्रवेश द्वार बंद कर दिए थे। इसके बाद दोपहर करीब 12:30 बजे कार्यकर्ताओं को जबरन उठाने के दौरान पुलिस से झड़प हो गई। इसके बाद पुलिस ने कार्यकर्ताओं को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। पदाधिकारियों का दावा है कि दर्जन भर से ज्यादा कार्यकर्ता घायल हुए हैं। इस मामले में पुलिस ने फिलहाल चुप्पी साध रखी है।
पुलिस के अनुसार जबरन कलेक्ट्रेट में घुसने की कर रहे थे कार्यकर्ता कोशिश-
युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रवेश करने की कोशिश की। इस दौरान सदर एसीपी नवाब खान कार्यकर्ता से उलझ गए। मामले ने तूल पकड़ लिया और पुलिस कर्मियों ने भाजयुमो के कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज कर दिया। युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री राजकुमार बिंवाल, प्रदेश मंत्री रामकिशन मीणा, विजेंद्र गुर्जर, विक्रम सिंह शेखावत और आशीष शर्मा को चोटें आई हैं। घायलों को एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया।
प्रदेश सरकार रोकने में नाकाम-
भाजयुमो प्रदेश महामंत्री राजकुमार बिंवाल ने बताया कि पिछले दिनों झालावाड़ जिले के झालरापाटन में कृष्णा बाल्मीकि पर दिनदहाड़े समुदाय विशेष के लोगों ने लाठी, भाला, सरिये से हमला बोल दिया था और उसकी हत्या कर दी गई। यह धटना प्रदेश में अनुसूचित जाति एवं जनजाति पर हो रहे अत्याचार को दर्शाती है। प्रदेश में गहलोत सरकार एसटीएससी पर हो रहे हमलों को रोकने में नाकाम है।
इस तरह की घटनाओं पर प्रदेश सरकार कोई कड़े कदम नहीं उठा रही है। इन अत्याचारों पर अंकुश लगाने एवं दोषों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सर्किल पर धरना प्रदर्शन किया था। मौके पर पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष हिमांशु शर्मा ने आरोप लगाया कि मोर्चा के पदाधिकारियों ने कलेक्टर से बातचीत करने की कोशिश की, तो उन्होंने भी बुरा बर्ताव किया। उन्होंने बताया कि वे शांतिपूर्वक कलेक्टर से मिलकर अपनी बात बताना चाहते थे। लेकिन उनके साथ जानबूझकर बदसलूकी की गई। कई कार्यकर्ता लाठीचार्ज में घायल हुए हैं।
अजय सिंह भाटी (मार्मिक धारा)