एक युवक को गांव में खुलेआम तलवार लहराना और एयरगन के साथ फेसबुक पर अपनी फोटो पोस्ट करना महंगा पड़ गया। सुरपालिया थाना पुलिस ने युवक को दो एयरगन और एक तलवार के साथ गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सोशल मीडिया पर फोटो डालना पड़ा भारी-
हथियार लेकर उसकी फोटो का वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस ने सख्ती से निपटने की तैयारी कर ली है। पिछले कई दिनों से आ रही शिकायतों के बाद एसपी अभिजीत सिंह के निर्देशन में जिला पुलिस की साइबर सेल टीम ने ऐसे लोगों को चिन्हित कर केस दर्ज करना और उनकी धरपकड़ शुरू कर दी है। इस मामले में भी युवक ने हथियार के साथ फोटो सोशल मीडिया पर शेयर की थी।
सुरपालिया पुलिस ने गुरुवार देर शाम थाना क्षेत्र के गांव झटेरा में आम रास्ते पर तलवार लहराते हुए छतरसिंह उर्फ़ छतरपाल पुत्र जीवणसिंह निवासी झटेरा को पकड़ा और तलवार जब्त कर ली। आरोपी छतरसिंह ने कुछ समय पहले फेसबुक पर हथियारों के साथ अपनी नई फोटो भी अपलोड की थी। इस पर उससे पूछताछ की गई तो उसने फेसबुक फोटो में दिख रही बंदूक को एयरगन बताया। कड़ी पूछताछ करते हुए दो एयरगन उसके घर के एक कमरे से बरामद करते हुए जब्त कर ली गई है।
पुलिस ने बताया कि युवक के फेसबुक पर वायरल फोटो को देखकर आमजन में भय का माहौल पैदा हो रहा था। युवक खुद को खतरनाक और पिस्तौल वाला डॉन दिखाने की कोशिश कर रहा था।
नकली एयरगन पिस्तौल लेकर खींची थी फोटो-
अब तक की पुलिस पूछताछ में छतरसिंह ने बताया कि एयरगन लेकर उसने यह फोटो खींची थी। पुलिस ने आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर छतरसिंह को गिरफ्तार किया है।
अजय सिंह भाटी (मार्मिक धारा)