भरतपुर जिले के नगर थाना इलाके में एक गैंगरेप पीड़िता इंसाफ के लिए दर-दर भटक रही है। बुधवार को पीड़िता नगर सीओ सत्यप्रकाश मीणा के पास पहुंची और उन्हें पूरी घटना के बारे में जानकारी दी। 25 साल की पीड़िता ने सीओ को चेतावनी दी है कि अगर उससे रेप करने वाले आरोपियों को जल्द ही नही पकड़ा गया तो, वह धरना देगी।
पीड़िता ने बताया कि 22 मई को सुबह वह घर पर अकेली थी। उसका पति काम पर गया हुआ था। महिला के घर उसका पड़ोसी सन्नी आया और उसने महिला को कहा कि उसके पति का एक्सीडेंट हो गया है। उसे इलाज के लिए अलवर ले गए हैं। महिला सन्नी और उसके साथी संजय के साथ मोटरसाइकिल पर बैठकर अलवर के लिए चल दी। सन्नी और संजय महिला को एक सुनसान जगह ले गए और उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। इस दौरान एक व्यक्ति वहां हत्यार लेकर आया और तीनों उसे एक कमरे में ले गए। उसके साथ बारी-बारी दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं तीनों आरोपियों ने महिला को 3 जून तक बंधक बना कर भी रखा। इस दौरान तीनों आरोपी लगातार उसके साथ दुष्कर्म करते रहे।
पीड़िता को दी धमकी-
तीनों आरोपियों ने महिला का अश्लील वीडियो भी बना लिया। आरोपी ने उसे धमकी दी है कि अगर उसने यह बात किसी को बताई, तो वह वीडियो तो वायरल कर देंगे और उसे जान से मार देंगे। 3 जून को पीड़िता किसी तरह से आरोपियों के चुंगल से भाग गई। और अपने परिजनों को सारी घटना के बारे में बताया। जिस पर पीड़िता ने 3 लोगों के खिलाफ अपहरण और दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया है। पुलिस अभी तक तीनों आरोपियों का पता नहीं लगा पाई है। इसलिए पीड़िता नगर सीझ के पास पहुंची और जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।
वहीं पुलिस का कहना है कि गैंगरेप पीड़िता की शिकायत दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश जारी है। जल्द ही पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी।
अजय सिंह भाटी (मार्मिक धारा)