यूपी में रिवरफ्रंट घोटाले में सीबीआई की छापेमारी पर सियासत और तेज हो रही है। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सीबीआई छापेमारी को लेकर केंद्र और बीजेपी पर निशाना साधा है। गहलोत ने ट्वीट करके बीजेपी पर सीबीआई, ईडी और इनकम टैक्स सहित केंद्रीय एजेंसियों का राजनीतिक एजेंडा पूरा करने के लिए इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है।
अशोक गहलोत ने लिखा कि- जब भी किसी प्रदेश में चुनाव आते हैं या फिर राजनीतिक संकट पैदा किया जाता है। तो विशेष निर्देशों के साथ सीबीआई, इनकम टैक्स और ईडी को एक्टिव कर दिया जाता है। यूपी में चुनाव पास आते ही सीबीआई ने छापेमारी करना शुरू कर दिया। इन सभी केंद्रीय संस्थाओं की विश्वसनीयता मोटे तौर पर वर्षों तक निष्पक्ष तरीके से काम करने की रही थी, लेकिन जिस तरह भाजपा अपना राजनीतिक एजेंडा पूरा करने के लिए एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है। इससे उसकी साख बर्बाद हो गई है।
गहलोत ने आगे लिखा कि- संस्थाओं में काम कर रहे अधिकांश अधिकारियों के खुद के जेहन में यह बात आ चुकी है फिर भी मजबूरी में उन्हें कार्रवाई करनी पड़ती है। मुझे विश्वास है कि समय आने पर केंद्रीय संस्थाओं पर राजनीतिक दुरुपयोग करने वाली भाजपा को जनता माकूल जवाब देगी। पहले पश्चिम बंगाल, राजस्थान, मध्य प्रदेश और कर्नाटक जैसे राज्यों में इन संस्थाओं का दुरुपयोग हुआ। गहलोत लंबे समय से केंद्र सरकार पर एजेंसियों के दुरुपयोग के आरोप लगाते रहे हैं। सीबीआई की कार्रवाई पर गहलोत सरकार पहले भी राजनीतिक दुर्भावना से इस्तेमाल करने का आरोप लगाते रहे।
अजय सिंह भाटी (मार्मिक धारा)