राजस्थान के प्रसिद्ध मंदिर मेहंदीपुर बालाजी धाम में चैत्र पूर्णिमा के अवसर पर मंगलवार को हनुमान जी महाराज का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। हालांकि कोरोना की वजह से मंदिर के पट श्रद्धालुओं के लिए बंद रहे।
मंदिर में अलसुबह मंदिर के महंत किशोरपुरी महाराज के सानिध्य में नरेशपुरी महाराज ने बालाजी महाराज को पंचामृत से स्नान करवा कर सोने का चोला चढ़ाया। पंडितों ने इत्र, केवड़ा और गुलाब जल का छिड़काव करते हुए छप्पन भोग की झांकी सजाई। नरेशपुरी महाराज ने सुबह 8:15 बजे जन्मोत्सव की महाआरती की तथा विशेष पकवानों का भोग लगाया।
हनुमान जी के जन्मोत्सव की महाआरती के बाद विशेष मंत्रोचार के साथ नरेशपचरी महाराज ने हवन करते हुए बालाजी महाराज से कोरोना के खत्म होने व जनकल्याण के लिए प्रार्थना की। पंडितों के सामूहिक मंत्रोच्चारण स्तुति से मंदिर परिसर गुंजायमान हो गया। मेहंदीपुर बालाजी के साथ-साथ भैरव बाबा, प्रेतराज सरकार व सीताराम दरबार की भी विशेष पूजा अर्चना की गई।
कोरोना गाइडलाइन की पालना में मंदिर परिसर में भीड़ एकत्रित ना हो इसके इसके लिए मंदिर के गार्डो के साथ-साथ पुलिसकर्मी भी तैनात रहे। यह लगातार दूसरा अवसर था जब कोरोना के कारण हनुमान जन्मोत्सव पर मेहंदीपुर बालाजी मंदिर बंद रहने के कारण भक्त बालाजी के दर्शन नहीं कर पाए। वही महाआरती के दौरान स्थानीय लोग मंदिर के बाहर बालाजी महाराज की स्तुति करते देखे गए।
अजय सिंह भाटी (मार्मिक धारा)
हर्षवर्धन शर्मा (मार्मिक धारा)