उदयपुर से वल्लभनगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के साथ ही प्रदेश कांग्रेस पूरी तरह एक्टिव हो गई है। गुरुवार को प्रभारी मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास भी वल्लभनगर में होने जा रहे घुमंतू जाति के सम्मेलन में शामिल होने के लिए उदयपुर पहुंचे। इस दौरान खाचरियावास वल्लभनगर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं से फीडबैक भी लेंगे। वही अपने दौरे के दूसरे दिन उदयपुर में प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक भी लेंगे। इस दौरान प्रताप सिंह खाचरियावास उदयपुर में चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना अभियान की शुरुआत करेंगे।
वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्र में बड़ी संख्या में घुमंतु जाति के वोटर है। ऐसे में विधानसभा उपचुनाव की तारीख के ऐलान से पहले ही प्रभारी मंत्री खाचरियावास वोटरों को लुभाने के लिए आज उदयपुर पहुंचे। माना जा रहा है कि खाचरियावास सभा में घुमंतू समाज के लिए किसी बड़ी घोषणा का ऐलान भी कर सकते हैं। इस सम्मेलन में प्रभारी मंत्री खाचरियावास के साथ वल्लभनगर से टिकट मांग रहे कांग्रेस के दावेदार भी शामिल होंगे। जो शक्ति प्रदर्शन कर प्रभारी मंत्री के समक्ष अपनी दावेदारी रखेंगे।
बता दे कि वल्लभनगर विधायक गजेंद्र सिंह शक्तावत का कोरोना से निधन हो गया था। इसके बाद से ही वल्लभनगर विधानसभा उपचुनाव को लेकर सियासत गरमा गई थी। शक्तावत के निधन के बाद उनकी धर्मपत्नी प्रीति शक्तावत और बड़े भाई देवेंद्र सिंह शक्तावत ने कांग्रेस पार्टी से टिकट के लिए दावा किया था। वही बिजनेसमैन भीम सिंह चुंडावत और कांग्रेसी नेता कुबेर सिंह चावड़ा भी लगातार शक्ति प्रदर्शन कर वल्लभनगर से टिकट की दावेदारी पेश कर रहे हैं। अब देखना यह होगा कि कांग्रेस पार्टी किस प्रत्याशी को आने वाले चुनावी रण में मौका देती है।
अजय सिंह भाटी (मार्मिक धारा)
हर्षवर्धन शर्मा (मार्मिक धारा)