भरतपुर के रुदावल कस्बे में मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे कुछ बदमाशों ने बीच बाजार में ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। डर के मारे दुकानदारों ने शटर नीचे कर दिए। बताया जा रहा है कि बदमाशों की संख्या 7 थी। उन्होंने करीब 10 मिनट पर हवाई फायर किए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
घटना रुदावल बस स्टैंड के पास की है, जहां 4 बाइक पर सवार 7 बदमाशों बाजार पहुंचे और हवाई फायरिंग शुरू कर दी। 10 मिनट तक बदमाशों ने 20 गोलियां चलाई और इसके बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।
आसपास के दुकानदारों ने बताया कि पहले लगा जैसे बुलेट बाइक के साइलेंसर की आवाज है। फिर बदमाशों को हथियारों से फायरिंग करता देख दुकानदारों ने शटर नीचे कर दिए और अंदर छुप गए। इसके बाद भी फायरिंग की आवाज आती रही। बताया जा रहा है कि फायरिंग के दौरान दो युवक एक दुकान की छत पर मौजूद थे। बाइक पर आए बदमाशों ने उन्हीं को डराने के लिए फायरिंग की। हालांकि वह कौन थे, इसके बारे में अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है। मौके पर पहुंची पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है। और कई जगह नाकाबंदी की गई है। हर संदिग्ध को रोककर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में भी लिया है।
अजय सिंह भाटी (मार्मिक धारा)
हर्षवर्धन शर्मा (मार्मिक धारा)