जयपुर- हाल ही में गुर्जर समाज के एक प्रतिनिधिमंडल ने गुर्जर समाज की प्रमुख मांगों के लिए सरकार से जयपुर में लंबे दौर की वार्ता की | दोनों पक्षों की सकारात्मक बातचीत के बाद एक समझौता पत्र सहमति से बना | वहीं दूसरी तरफ कर्नल बैंसला के नेतृत्व में गुर्जर समाज ने आंदोलन की घोषणा कर दी और प्रदर्शनकारियों ने रेलवे ट्रैक को जाम कर दिया | कर्नल बैंसला और उनके पुत्र विजय बैंसला ने उक्त समझौते पत्र को एक छलावा बताया और उसे मानने से इनकार कर दिया| अब इस मामले में समिति कर्नल बैंसला के सामने अपना पक्ष रखेगी | बताया जा रहा है कि गुर्जर नेताओं के प्रतिनिधिमंडल जिसने जयपुर में सरकार से मुलाकात कर समझौते पत्र के लिए सहमति दी थी उन्हीं लोगों में से समिति गठित की गई है जो अपना पक्ष रखेगी | समिति के सदस्यों के मुताबिक वे कर्नल बैंसला को सहमति पत्र के बिंदुओं के बारे में समझाएंगे और उनसे यह मांग करेंगे कि वे आंदोलन की राह छोड़ दें| अगर उन्हें लगता है कि इस समझौते पत्र में कोई कमी रह गई है तो वे आगे वार्ता कर सकते हैं | पर फिलहाल उन्हें समाज के प्रतिनिधि मंडल के उक्त समझौते पत्र का मान रखना चाहिए | यदि सरकार भविष्य में उनकी मांगे नहीं मानती है तो सारा समाज एक साथ होगा | समिति को उम्मीद है कि कर्नल बैंसला और आंदोलनकारी उनकी बातें मान कर जल्द ही आंदोलन समाप्त करेंगे|
भानु प्रकाश शर्मा (मार्मिक धारा)
हर्षवर्धन शर्मा (मार्मिक धारा)