अलवर, राजस्थान के अलवर शहर के शाहजहांपुर की घटना है। दोस्ती को कलंकित करने वाला यह मामला सामने आया है कि एक व्यक्ति ने अपने ही दोस्त की 35 वर्षीय पत्नी का बलात्कार करने के बाद हत्या कर दी । हत्या करने के बाद में दोस्त को बताया कि उसकी पत्नी की भी बीमारी से मौत हो गई है। दोस्त ने भी इसे सच मान लिया। लेकिन मृतका की 4 साल की मासूम बेटी ने आरोपी दोस्त की पोल खोल दी। घटना 18 नवंबर को हुई थी।
आरोपी और मृतका का पति बिजनेस पार्टनर थे। सूत्रों के अनुसार घटना के वक्त मृतका का पति काम के सिलसिले में भिवाड़ी गया था। आरोपी शव का दाह संस्कार करने शव को दोस्त के पैतृक गांव अलवर के शाहजहांपुर स्थित बेलनी भी गया था। आरोपी अपनी चाल में सफल होता उससे पहले बच्ची ने अपने पिता को बताया कि आरोपी महावीर अंकल ने मम्मी को मारा और उनके कपड़े भी उतार रखे थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और अंतिम संस्कार को रुकवाया।
शाहजहांपुर थाना प्रभारी सुनील जांगिड़ ने बताया बेलनी निवासी मृतका का पति डेढ़ साल से जयपुर के खो नागोरियान में परिवार के साथ रहकर ट्रांसपोर्ट का व्यापार कर रहा था। जयपुर का गोनेर रोड शंकर विहार निवासी महावीर गुर्जर (43) उसका पार्टनर था। 17 नवंबर को पीड़िता का पति गाड़ी में सब्जी भरकर भिवाड़ी गया था। अगली सुबह पति पत्नी के बीच फोन पर बातचीत हुई। दोपहर 12:00 बजे आरोपी ने दोस्त को फोन करके बताया कि उसकी पत्नी का बीमारी से निधन हो गया है। जांच के बाद सामने आया कि आरोपी ने बलात्कार के बाद उसका गला दबाया था। पीड़िता का 12 साल का एक बेटा और 4 साल की एक बेटी है। आरोपी ने दोनों को जबरदस्ती ट्यूशन भेज दिया था।
हर्षवर्धन शर्मा (मार्मिक धारा)