कोल्हापुर, 2017 में अपनी मां की निर्ममता से हत्या करने और उसके दिल, गुर्दे और आतें निकालकर उसमें नमक मिर्च लगाकर खाने वाले उसी के बेटे को स्थानीय अदालत ने फांसी की सजा सुनाई है। गुरुवार को आरोपी को सजा सुनाते हुए जिला अदालत के जज महेश जाधव ने कहा कि यह एक ऐसा जघन्य मामला था जो आज तक नहीं देखा। इसलिए आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। 35 साल का सुनील कुचिकोरवी वारदात के बाद से ही जेल में बंद था। हालांकि उसके पास अभी सजा के खिलाफ अपील करने के कई विकल्प मौजूद है।
आरोपी ने कबूली थी बॉडी पार्ट्स खाने की बात-
कोल्हापुर के मक्कड़वाला वसाहट इलाके में यह वारदात 28 अगस्त 2017 को हुई थी। चार्जशीट के मुताबिक सुनील ने अपनी 62 वर्षीय मां की चाकू गोदकर हत्या की थी। पुलिस को बुजुर्ग महिला का शव अलग-अलग हिस्सों में कटा हुआ मिला था। हर हिस्से पर नमक मिर्च लगी थी। पुलिस ने सुनील को जब पकड़ा तो उसके मुंह से खून टपक रहा था। बाद में उसने मां के बॉडी पार्ट्स खाने की बात कबूल भी की थी।
शराब के लिए पैसे नहीं देने पर की थी हत्या-
पुलिस जांच में सामने आया कि सुनील शराब का आदी था और वारदात वाले दिन वह अपनी मां से शराब खरीदने के लिए पैसे मांगने गया था। मां ने पैसे देने से मना किया तो गुस्से में उसने अपनी मां की हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने उनके शरीर के दाहिने हिस्से को चीर दिया और दिल, गुर्दे, आतें और अन्य अंगो को निकालकर रसोई के पास रख दिया और खाने लगा। इस मामले में कुल 12 लोगों की गवाही हुई। जिसमें आरोपी के रिश्तेदार, पड़ोसी शामिल है। सभी ने बताया कि शराब पीने के बाद आरोपी आउट ऑफ कंट्रोल हो जाता था।
अजय सिंह भाटी (मार्मिक धारा)