भाजपा विधायक वासुदेव देवनानी को सोमवार को सदन से 1 दिन के लिए निलंबित करने के बाद भाजपा विधायकों ने सदन का बहिष्कार कर दिया था, जोकि बुधवार को राठौड़ के माफी मांगने के बाद खत्म हुआ। भाजपा विधायकों ने सदन का बहिष्कार खत्म कर कार्यवाही में हिस्सा लेना शुरू कर दिया है। भाजपा विधायक दल की बैठक में रणनीति तय कर सदन की कार्रवाई में हिस्सा लेने का फैसला किया। इसके बाद प्रतिपक्ष नेता गुलाब चंद कटारिया, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया, उप नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने स्पीकर सीपी जोशी से मुलाकात कर गतिरोध खत्म करने पर चर्चा की। सुबह 11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होने के बाद उप नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने वासुदेव देवनानी के व्यवहार पर स्पीकर से माफी मांगी।
राजेंद्र राठौड़ ने सदन की कार्यवाही शुरू होते ही कहा “देवनानी गुस्से में वेल में आए। यह उचित नहीं था। आप ही हमारे संरक्षण करने वाले हैं।” राठौड़ ने स्पीकर से कहा “गुस्सा छोड़ो, कहा तो मानो। थोड़ी नजरें इधर भी इनायत करो। अध्यक्ष ही हमारा संरक्षण नहीं करेंगे तो हम कहां जाएंगे।” संसदीय कार्य मंत्री भी अपना आचरण ठीक करें। सदन चलाने की जिम्मेदारी उनकी होती है, लेकिन वही उकसाने का काम करते हैं।
सीपी जोशी ने कहा देवनानी का व्यवहार गलत था। अध्यक्ष के खड़े होने के बावजूद विधायक बोल रहे हैं। इससे गलत परंपरा चली जाएगी। आप जैसे पार्लियामेंटेरियन को उसी वक्त खड़े होकर अपने विधायक का विरोध करना चाहिए था। इस पर राठौड़ ने कहा आसन आहत हुआ है, तो हम क्षमा याचना करते हैं। हम सदन चलाना चाहते हैं, इसके बाद गतिरोध खत्म हो गया।
कांग्रेस विधायक भरत सिंह ने सदन में अपनी ही सरकार को घेरा। उन्होंने अपने अंदाज में पूछा “भ्रष्ट ट्रेक रिकॉर्ड वाले अफसरों को कलेक्टर एसपी बनाने के पीछे सरकार की आखिर क्या मजबूरी है? कोरोना काल में अपराधों में कमी आई है। लेकिन भ्रष्टाचार के मामलों में कमी नहीं आई। भरत सिंह भ्रष्टाचार पर सरकार को घेरना चाहते थे। लेकिन स्पीकर ने सवाल से आगे जाकर बहस करने की मंजूरी नहीं दी। भरत सिंह ने भ्रष्टाचार के आरोप में बर्खास्त पुलिस इंस्पेक्टर को फिर से बहाल करने पर सवाल पूछा। इसके जवाब में संसदीय कार्य मंत्री शांति धारीवाल ने बताया कि पुलिस इंस्पेक्टर को जनवरी 2020 में बर्खास्त किया था। उसे खिलाफ रैट में अपील की है। सरकार ने उसे सेवा में वापस नहीं लिया है।
अजय सिंह भाटी (मार्मिक धारा)
हर्षवर्धन शर्मा (मार्मिक धारा)