राजधानी जयपुर में नगर निगम और जीडीए एनफोर्समेंट के काम करने के तौर-तरीकों पर परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने मोर्चा खोल दिया है। खाचरियावास ने कहा कि नगर निगम और जेडीए की एनफोर्समेंट टीम का तो भगवान ही मालिक है, 40 गज में कोई मकान बनता है तो वहां भी तोड़ने चले जाते हैं। जबकि 500 की तो नक्शा पास करने में ही छूट दे रखी है। खाचरियावास ने कहा एनफोर्समेंट विगं में जयपुर में नया काम चालू कर दिया है। बाजारों में दुकानों तक जाने के लिए सीढ़ियां बना रखी है, आप उनकी सीढ़ियां तोड़ रहे हो। कॉलोनियों में जाकर रैपं तोड़ रहे हैं, लोग अपने घरों में गाड़ियां कैसे ले जाएंगे। लोग शिकायतें लेकर आते हैं, तारीफ करने नहीं आते। एनफोर्समेंट विंग के काम करने के तरीके में सुधार जरूरी है।
प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा मेरे सहित सभी विधायकों के पास जयपुर नगर निगम और जेडीए एनफोर्समेंट विगं की खूब शिकायतें आती हैं। मैं यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल जी से मिलकर इनके कारनामों के बारे में बताऊंगा। पिछले दिनों व्यापारी मुझसे मिले थे, वह बता रहे थे कि दुकान में जाने के लिए सीढ़ियां बना रखी है कार घुसाने के लिए रैंप बना रखा है तो जेडीए नोटिस लेकर पहुंच जाता है और बेवजह तोड़फोड़ करता है। परिवहन मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास का नगर निगम और जेडीए की एनफोर्समेंट विंग्स के खिलाफ मोर्चा खोलने के पीछे सियासी कारण बताए जा रहे हैं। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से लोग नाराज हो जाते हैं इससे वोटर नाराज होने का खतरा बना रहता है।
अजय सिंह भाटी (मार्मिक धारा)
हर्षवर्धन शर्मा (मार्मिक धारा)