जयपुर, जयपुर जेडीए एनफोर्समेंट टीम ने आगरा रोड स्थित सुमेल रोड पर अवैध तरीके से बसाए जा रहे डुप्लेक्स विला को तोड़ दिया। इस स्कीम में बिल्डर ने 100 गज से छोटे भूखंडों पर 12 मिला बना लिए थे। जिन्हें आज जेसीबी की सहायता से तोड़ा गया। यह सभी विला इकोलॉजिकल जोन की जमीन पर बनाये जा रहे थे।
जेडीए एनफोर्समेंट विंग के चीफ कंट्रोलर रघुवीर सैनी ने बताया कि जोन 10 क्षेत्र आगरा रोड पर सुमेल रोड स्थित टायर गोदाम के सामने यह स्कीम बसाई जा रही थी। जेडीए से बिना अप्रूव्ड कराए इकोलॉजिकल जोन पर बसाई जा रही यह स्कीम पूरी तरह अवैध है। यहां 15 बाई 35 फीट में 8 विला और 15 बाई 30 फीट के भूखण्डों पर चार विला का अवैध निर्माण कर लिया था, जिन्हें आज जेसीबी मशीन से तोड़कर जमीन खाली करवाई गई है।
सितंबर में दिए गए नोटिस के बाद भी निर्माण कार्य जारी-
चीफ कंट्रोलर ने बताया कि इस स्कीम को बनाने की सूचना हमें अगस्त में मिली थी। जिसके बाद जोन से रिपोर्ट करवाई तो पता चला यह जेडीए अप्रूव्ड नहीं है। और जिस जमीन पर बन रही है वह इकोलॉजिकल जोन में आ रही है। इकोलॉजिकल जोन में किसी भी तरह के कंस्ट्रक्शन पर राजस्थान हाईकोर्ट ने रोक लगा रखी है। इसके बाद हमारी टीम ने 2 सितंबर को बिल्डर को धारा 32, 33 का नोटिस देकर निर्माण बंद करने की चेतावनी दी थी। लेकिन उसके बावजूद बिल्डर ने लगातार काम चालू रखा।
तीन बार जब्त करे कंस्ट्रक्शन मैटेरियल-
चीफ कंट्रोलर ने बताया कि सितंबर से अब तक 3 बार जीडीए की टीम ने जाकर काम रुकवाया। इस दौरान मौके पर रखी निर्माण सामग्री जैसे औजार, कंस्ट्रक्शन मैटेरियल आदि जब्त किए गए। साथ ही नोटिस देकर जेडीए से अप्रूव्ड कराकर निर्माण करने की चेतावनी दी। इसके बावजूद बिल्डर ने काम जारी रखा। जिससे बाद आज कार्रवाई करते हुए सभी 12 विला को तोड़ दिया गया।
अजय सिंह भाटी (मार्मिक धारा)